सुपौल में 31.6 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार:दूसरा तस्कर फरार
दो बाइक और 12.64 लाख की खेप जब्त
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

सुपौल के वीरपुर थाना क्षेत्र में नेपाल-भारत सीमा के पास पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 12.64 लाख रुपए बताई जा रही है।वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि गुरुवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम बनैलीपट्टी वार्ड संख्या-03 स्थित नेपाल इंडो बॉर्डर रोड, मुंशी पिपराही के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस ने पीछा कर 2 युवकों को पकड़ा इसी दौरान दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों चालक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान बनैलीपट्टी वार्ड संख्या-02 निवासी मो. यूसुफ मियां (पिता- जुमराती मियां) के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान मो. निकाइल (पिता- इस्माइल मियां), निवासी बनैलीपट्टी वार्ड संख्या-02 के रूप में की गई है। दोनों वाहनों से 31.6 किलो गांजा बरामद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब्त दोनों मोटरसाइकिल ग्लैमर (BR 50 AM 0124) और सुपर स्प्लेंडर (BR 38 AF 7165)—की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 31.6 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ और दोनों बाइक को कब्जे में लेते हुए गिरफ्तार आरोपी को विधिवत हिरासत में ले लिया।गुरुवार रात वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। नेपाल सीमा से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में स्कूली छात्रा से दिनदहाड़े सोने की हनुमानी लूटी
पटना में विशेष अभियान के दौरान 179 गिरफ्तार, पुलिस पर हमला मामले में 11 आरोपी दबोचे गए
