कटिहार: समाहरणालय गेट उपद्रव: 23 लोग अबतक गिरफ्तार
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

कटिहार से चन्दन कुमार समाहरणालय गेट पर 23 जुलाई को हुए उपद्रव मामले में कटिहार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को पुलिस ने रिलीज किए गए फुटेज और आम लोगों से मिले इनपुट के आधार पर एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 23 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मौलानापुर निवासी अहसन रजा (20), पिता तौफीक रजा के रूप में हुई है। उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि समाहरणालय गेट एवं उसके आसपास प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल पर ईंट-पत्थर फेंककर हमला किया था और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई थी।
इस मामले में नगर (सहायक) थाना कांड संख्या 833/26 के तहत 29 नामजद एवं 200 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज, फोटो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।
सोशल मीडिया पर जारी किए गए फुटेज और आम लोगों से मिले सहयोग के कारण एक-एक कर आरोपियों की पहचान हो रही है। इसी क्रम में 23वें आरोपी अहसन रजा को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें
सुपौल में 31.6 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार:दूसरा तस्कर फरार
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में स्कूली छात्रा से दिनदहाड़े सोने की हनुमानी लूटी
पटना में विशेष अभियान के दौरान 179 गिरफ्तार, पुलिस पर हमला मामले में 11 आरोपी दबोचे गए
