कोलकाता में हटाई जाएगी लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची मूर्ति
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में लगी लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची मूर्ति को सुरक्षा कारणों से हटाया जाएगा। ESPN की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि हवा चलने पर यह मूर्ति हवा में झूलती हुई दिखाई देती है, जिसके बाद प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई का फैसला लिया।
मेसी की यह विशाल मूर्ति पिछले साल दिसंबर में बनाई गई थी। इसे FIFA वर्ल्ड कप 2022 जीतने वाले अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके प्रशंसकों ने तैयार कराया था। मूर्ति में मेसी को वर्ल्ड कप ट्रॉफी पकड़े हुए दिखाया गया है। यह प्रतिमा उनके भारत दौरे GOAT Tour से पहले स्थापित की गई थी।
पिछले साल भारत आए थे मेसी
मेसी पिछले साल अपने इंटर मियामी टीम के साथियों के साथ भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली सहित चार शहरों का दौरा किया था। सोमवार को स्थानीय निवासियों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से शिकायत की कि तेज हवा चलने पर मूर्ति अस्थिर दिखाई देती है।
शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि मूर्ति की संरचनात्मक मजबूती कमजोर हो चुकी है और किसी भी संभावित हादसे से बचने के लिए इसे तुरंत हटाना जरूरी है।
बताया जा रहा है कि इस मूर्ति को तैयार करने में कुल 27 दिन लगे थे। अब अधिकारी इसे दोबारा स्थापित करने के लिए किसी दूसरी सुरक्षित जगह की तलाश कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार ने सॉल्ट लेक स्टेडियम के वीवीआईपी गेट के बाहर लगी फुटबॉल-थीम वाली मूर्ति को शनिवार को हटा दिया। बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी द्वारा डिजाइन की गई इस मूर्ति को हटाने की घोषणा राज्य के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने स्टेडियम के बुनियादी ढांचे में सुधार के तहत की थी। वहीं, अब कोलकाता में लियोनेल मेसी की प्रतिष्ठित 70 फुट ऊंची प्रतिमा जिसका अनावरण पिछले साल खुद फुटबॉल सुपरस्टार ने किया था अब हटाई जा सकती है।
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद इसमें संरचनात्मक खामियां पाई गई हैं। प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग ने सोमवार को प्रतिमा का औपचारिक निरीक्षण किया और पाया कि इसमें संरचनात्मक खामियां हैं। इसका गुरुत्वाकर्षण केंद्र सही जगह से हट गया है जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं उत्पन्न हो गई हैं।
मूर्ति में संरचनात्मक खामियां पाई गई
सूत्रों ने बताया कि कुछ निवासियों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद किए गए निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने मूर्ति को हटाने का निर्णय लिया है। इससे पहले कुछ स्थानीय निवासियों द्वारा दर्ज कराई गई एक पुलिस शिकायत में आरोप लगाया गया था कि स्थापना के महज पांच महीने बाद ही जब भी शहर में तेज हवाएं चलती थीं तो प्रतिमा हिलने लगती थी।
पुलिस ने बताया कि लेक टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत में संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं कुछ निवासियों ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मूर्ति की मरम्मत या यहां तक कि स्थायी रूप से उसे स्थानांतरित करने की मांग की थी।
मेसी की प्रतिमा पैरों से लेकर शरीर तक हिल रही
लेक टाउन क्लॉक टावर के पास स्थित इस प्रतिमा का अनावरण 13 दिसंबर, 2025 को किया गया था जब फुटबॉलर मेसी अपने GOAT इंडिया दौरे की शुरुआत के लिए कोलकाता आए थे लेकिन लगभग पांच महीनों के भीतर इसे ध्वस्त या स्थानांतरित किया जा सकता है। प्रतिमा स्थल पर मौजूद एक मजदूर ने पत्रकारों को बताया, “प्रतिमा पैरों से लेकर शरीर तक हिल रही है। संभव है कि नीचे कुछ टूट गया हो। पूरी प्रतिमा हिल रही है। अगर ऐसी ही तेज हवाएं चलती रहीं तो यह गिर भी सकती है।”
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय प्रशासन और दक्षिण दमदम नगरपालिका से संपर्क किया। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट ने पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को मूर्ति का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। सूत्रों के मुताबिक, कुछ ही घंटों के भीतर पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों ने एक रिपोर्ट प्रस्तुत की जिसमें कहा गया कि संरचना खराब स्थिति में है और आने वाली मानसून की बारिश में गिर सकती है।
सूत्रों ने यह भी खुलासा किया कि पीडब्ल्यूडी ने दावा किया कि सरकार ने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर मूर्ति स्थापित करने से पहले उससे अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं किया था। इन चिंताओं के कारण अब प्रतिमा को हटाने का निर्णय लिया गया है और इसे जल्द से जल्द हटाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
