Headlines

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से सफेद हो गया शिमला

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से सफेद हो गया शिमला

श्रीनारद मीडिया, प्रसेनजीत चौरसिया, सीवान (बिहार)

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी ने फिर आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शिमला, कुल्लू, चंबा और किन्नौर जैसे पहाड़ी जिलों में बर्फ का असर सबसे ज्यादा दिख रहा है। शिमला में जहां रात से बर्फबारी का दौर थम गया है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर फिर शुरू हो गया है।

चम्बा, किन्नौर और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने 27 जनवरी को राज्य में फिर भारी बर्फबारी, बारिश व तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के कारण यातायात पूरी तरह ठप है और लोग मजबूरी में पैदल चलने को मजबूर हैं।

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण 600 से ज्यादा टूरिस्ट जगह जगह फंसे हुए है। मनाली में बड़ी संख्या में पर्यटकों ने पूरी रात गाड़ियों में बिताई। इनके पास खाने-पीने को कुछ नहीं है। माइनस में टैम्परेचर के बावजूद ठंड से बचने को कंबल तक नहीं है। इससे कई पर्यटकों की हालत बिगड़ती जा रही है।

मनाली के 16 व 17 मील के पास 100 से भी ज्यादा गाड़ियां फंसी है। इनमें टूरिस्ट सड़क खुलने की उम्मीद में है। सड़क पर भारी बर्फ होने के कारण गाड़ियों की आवाजाही नहीं हो पा रही।

राजधानी शिमला में दूसरे दिन भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। शहर की लगभग सभी सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप है और लोग मजबूरी में पैदल चलने को मजबूर हैं। सरकारी दफ्तरों, कार्यस्थलों और बाजारों की ओर जाने वाले कर्मचारी और आम लोग फिसलन के बीच पैदल सफर कर रहे हैं।

शिमला से निचले जिलों हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी और कांगड़ा को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग शिमला से करीब 12 किलोमीटर दूर हीरानगर में बंद है। इस वजह से आईएसबीटी शिमला से बसों की आवाजाही पूरी तरह ठप है और बसें हीरानगर से ही वापस लौट रही हैं। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। शिमला-चंडीगढ़ हाइवे पर यातायात सुचारू है, लेकिन फिसलन बढ़ गई है।

Shimla, Himachal Pradesh, 23th January 2026: Snow fall in Shimla and near by area. (Photo by Deepak Sansta)

ऊपरी शिमला के रोहड़ू, चौपाल, जुब्बल और कोटखाई क्षेत्रों का संपर्क लगातार दूसरे दिन भी जिला मुख्यालय से कटा हुआ है। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बर्फबारी प्रभावित रूटों पर बस सेवाएं स्थगित कर दी हैं। कई स्थानों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के वाहन फंसे हुए हैं। गांवों से लेकर शहरों तक बिजली आपूर्ति बाधित है और कई इलाकों में पेयजल संकट भी गहरा गया है।

Manali, Jan 24 (ANI): An aerial view of snow-covered vehicles stuck in a traffic jam amid snowfall, in Manali on Friday. (ANI Photo)

उधर, मनाली और आसपास के इलाकों में सुबह के समय बर्फबारी का दौर फिर तेज हो गया है। मनाली मॉल रोड पर करीब एक फुट तक ताजा बर्फ जम चुकी है, जिससे पर्यटन गतिविधियों की रफ्तार थम गई है। मनाली से पतलीकूहल के बीच कई पर्यटक वाहन फंसे हुए हैं। प्रशासन की ओर से फंसे लोगों को भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। चंबा और किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी फिर से बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक कुल्लू जिले के कोठी में 105 सेंटीमीटर, गोंदला में 85, केलंग में 75, खदराला में 68, कुफरी में 66, मनाली में 45, शिलारू में 45, कुकुमसेरी में 41, जोत में 32, हंसा में 30 और सांगला व शिमला में 27-27 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं बारिश की बात करें तो धर्मपुर में 91, सोलन में 68 और कंडाघाट में 67 मिलीमीटर वर्षा हुई है।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और कुल्लू में विंटर सीजन की पहली बर्फबारी

बर्फबारी और बारिश के बाद पूरे प्रदेश में भीषण ठंड पड़ रही है। शिमला, मनाली, कल्पा, कुकुमसेरी, नरकंडा, कुफरी, मशोबरा और ताबो सहित 11 शहरों का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री, मनाली में माइनस 0.4, कल्पा में माइनस 3.8 और कुकुमसेरी में माइनस 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग ने  मौसम खराब रहने की संभावना जताई है और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। 26 जनवरी से एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से 26 से 28 जनवरी तक फिर तेज बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 27 जनवरी को भारी बर्फबारी, वर्षा और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार 29 जनवरी से मौसम के साफ होने की उम्मीद है, लेकिन तब तक प्रदेश को ठंड और दुश्वारियों का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!