एकमा के अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक मॉडल स्कूल का डीईओ व विधायक ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह सेंगर, एकमा, सारण (बिहार):

बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत एकमा प्रखंड मुख्यालय स्थित नगर पंचायत एकमा बाजार में संचालित अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में चयनित किया गया है।
इसी क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, एकमा विधायक मनोरंजन कुमार सिंह उर्फ धूमल सिंह सहित कई अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, भवन, कक्षाओं, प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास का संचालन, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय सहित सभी भौतिक एवं स्थलीय सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
विद्यालय के अवलोकन के दौरान नगर पंचायत एकमा बाजार की मुख्य पार्षद श्वेता रानी को विद्यालय परिसर में तत्काल एक शौचालय निर्माण कराने का निर्देश दिया गया।
एकमा विधायक मनोरंजन कुमार सिंह व जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण ने विद्यालय के निरीक्षण के क्रम में कहा कि मॉडल विद्यालय के रूप में चयनित इस स्कूल में सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं विधायक श्री सिंह ने बताया कि इसी वर्तमान शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में मॉडल स्कूल के रूप में पठन-पाठन का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए विभागीय मानकों के अनुसार चयनित छात्र-छात्राओं का नामांकन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय विद्यालय के रूप में छात्रावास की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि दूर-दराज के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
इस मौके पर एकमा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी योगेंद्र बैठा, मांझी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विभा रानी, विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सारिका द्विवेदी, प्रधानाध्यापक सह शिक्षक नेता मंजीत कुमार तिवारी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह 20 सूत्री अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, समाजसेवी दीपक राज, विपिन सिंह, विभागीय इंजीनियर, एकमा एवं मांझी प्रखंड के बीआरपी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़े
पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन शुरू
दारौंदा में व्यापार मंडल अध्यक्ष पद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू
यूपी की प्रमुख खबरें : पूर्व राज्यपाल मोहसिना किदवई का निधन
शंकराचार्य जी को मिली अतीक अहमद की तरह मारने की धमकी – संजय पांडेय
