बाबा साहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती पर बगौरा में निकाली गई भव्य जुलूस
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सिवन (बिहार )।
सीवान जिला के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा गांव में मंगलवार को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गांव में एक भव्य जुलूस का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक कार्यकर्त्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
जुलूस की शुरुआत बगौरा के अंबेडकर नगर से हुई, जहां से लोग हाथों में नीले झंडे लेकर बाबा साहेब के आदर्शों और भारतीय संविधान के समर्थन में नारे लगाते हुए आगे बढ़े। जुलूस में आकर्षक झांकियां भी शामिल थीं, जिनमें डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों को दर्शाया गया। बैंड-बाजे की धुन पर लोग पूरे जोश और उत्साह के साथ नाचते-गाते नजर आए।
यह जुलूस अंबेडकर नगर से निकलकर मांगलशाही, गढ़ के नीचे, न्यू मार्केट, चौबाह, पुरानी बाजार, पश्चिम टोला, शिव मोड़ और उदयनी होते हुए पुनः अंबेडकर नगर पहुंचकर समाप्त हुआ। पूरे रास्ते लोगों ने जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
जुलूस में शामिल लोगों ने “जय भीम”, “संविधान जिंदाबाद” और “समानता का अधिकार हमारा है” जैसे नारे लगाकर बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सामाजिक समरसता और जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों को बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।