Headlines

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को सीवान जिले के दारौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 102 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच की गई।

अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा समय पर परामर्श उपलब्ध कराना है।

इस वर्ष अभियान की थीम “प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष : सुरक्षित गर्भावस्था, स्वस्थ माँ, सशक्त भारत” निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच कर उन्हें संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण तथा सुरक्षित प्रसव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। जांच के दौरान महिलाओं के रक्तचाप, हीमोग्लोबिन स्तर, वजन सहित अन्य स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अमरेश कुमार सिंह ने बताया कि पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की समय पर पहचान, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श तथा आवश्यकता पड़ने पर बेहतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।

उन्होंने कहा कि नियमित जांच के माध्यम से एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कुपोषण एवं अन्य स्वास्थ्य जटिलताओं की समय रहते पहचान हो जाती है। इससे गर्भावस्था और प्रसव के दौरान होने वाले जोखिमों में कमी आती है तथा नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। अभियान के प्रति गर्भवती महिलाओं में भी उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!