“12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत विधायक मंगल पाण्डेय ने की पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु एवं राष्ट्र के निरंतर विकास की कामना की
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

“12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री तथा सिवान सदर के विधायक मंगल पाण्डेय ने बुधवार को सिवान के कचहरी रोड स्थित दुर्गा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा देश, बिहार एवं सिवान के निरंतर विकास एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर श्री पाण्डेय ने कहा कि आज सिवान की जनता, बिहार की जनता और पूरा देश यह महसूस कर रहा है कि चाहे वैश्विक पटल की बात हो, राष्ट्रीय स्तर की बात हो, राज्यों के विकास के विभिन्न मापदंड हों, आधारभूत संरचनाओं का विस्तार हो, आर्थिक विकास हो अथवा सामरिक दृष्टि से देश की मजबूती का प्रश्न हो, हर दृष्टिकोण से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल एक स्वर्णिम कार्यकाल के रूप में स्थापित हुआ है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं तथा विश्व मंच पर अपनी एक सशक्त पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण देश की जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। यही कारण है कि देश के 21 से अधिक राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को जनता की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में भी जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपने अटूट विश्वास और जनआस्था को प्रकट किया है। पश्चिम बंगाल की जनता ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही देश का स्वर्णिम विकास संभव है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि जनता का अपार जनसमर्थन ही प्रधानमंत्री मोदी, भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सबसे बड़ी शक्ति है। जनता के इसी आशीर्वाद और विश्वास के बल पर प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सेवा करते हुए प्रधानमंत्री के रूप में एक ऐतिहासिक और दीर्घकालिक कार्यकाल पूर्ण किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है और उनका यह सेवा भाव भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगा। उन्होंने माँ दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी दीर्घायु हों, स्वस्थ रहें और लंबे समय तक मातृभूमि की सेवा करते रहें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आधारभूत संरचना, आर्थिक प्रगति, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन का लाभ बिहार को भी मिल रहा है तथा बिहार विकास और प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर है। आने वाले समय में देश और बिहार दोनों विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नन्द प्रसाद चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास और सुशासन की नई गाथा लिखी है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों ने देश में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत कर रहा है।
वहीं बिहार भाजपा के प्रदेश मंत्री मुकेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि “12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और विकास की ऐतिहासिक यात्रा का उत्सव है। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाने का कार्य किया है। जनता का निरंतर समर्थन यह प्रमाणित करता है कि देश विकास और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ा है।
इस अवसर पर प्रो. अभिमन्यु कुमार सिंह, संजय पाण्डेय, चंद्रकेतु सिंह, राजेश श्रीवास्तव, किरण गुप्ता, मीडिया प्रभारी भाजपा सिवान आदित्य कुमार पाठक, पंकज किशोर सिंह, मुकेश कसेरा, संतोष राउत, अजित चौरसिया, अजय पासवान, सोनू सिंह, जयप्रकाश गुप्ता, सुभाष सिंह कुशवाहा, प्रेम माझी, सुमित भारद्वाज, अर्जुन गुप्ता, सुनीता जायसवाल, मीनाक्षी सिंह, अर्चना सिंह, करिश्मा शर्मा, आरती गुप्ता, अमित कुशवाहा, रामु राज सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े
भगवानपुर हाट बीडीओ कुमार विशाल का हुआ प्रोन्नति
युवा साहित्यकार आस्था दीपाली भारत-नेपाल हिन्दी सेवा सम्मान से सम्मानित
अमनौर में बाइक में ठोकर लगने पर युवक ने ऑटो का शीशा तोड़ा, पुलिस जांच में जुटी
टीबी मुक्त बिहार के लिए जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता जरूरी : राज्यपाल
