नशा मुक्त कोशी अभियान: 3900 किलो गांजा और 43 हजार लीटर शराब बरामद
1223 नशा तस्कर भेजे गए जेल, ऐसे दें सूचना
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

बिहार के कोशी क्षेत्रान्तर्गत सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे “नशा मुक्त कोशी” अभियान को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) कार्यालय, सहरसा द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान को सफल बनाने में आम जनता का भी अभूतपूर्व सहयोग मिल रहा है।
पुलिस द्वारा जारी विशेष हेल्पलाइन नंबर पर स्थानीय लोगों द्वारा बढ़-चढ़कर नशा कारोबारियों के खिलाफ सूचनाएं दी जा रही हैं, जिसके आधार पर सीधे DIG के अनुश्रवण (supervision) में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि सूचना देने वाले किसी भी व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है।
विगत सप्ताह की कार्रवाई:*दर्जनों तस्कर गिरफ्तार, लाखों की नकदी बरामद अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह (6 जून से 12 जून 2026) के भीतर पुलिस ने व्यापक छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। इस दौरान कुल 877.095 लीटर अवैध शराब, 1733.660 किलोग्राम गांजा, 71.9 ग्राम स्मैक, 65.1 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप और 320 ML नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने 4,98,200 रुपये की भारतीय नकदी समेत 11मोटरसाइकिल, 2 तिपहिया वाहन, 1 चार पहिया वाहन और 3 मोबाइल भी जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई के तहत अवैध शराब मामले में 46 और सूखे नशे के मामले में 14 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरवरी से अब तक का रिपोर्ट कार्ड: 1200 से अधिक तस्कर सलाखों के पीछे गौरतलब है कि फरवरी 2026 में इस विशेष अभियान की शुरुआत होने के बाद से अब तक कोशी क्षेत्र में ड्रग माफियाओं की कमर पूरी तरह टूट चुकी है। अब तक कुल 43,972.75 लीटर अवैध शराब, 1805.22 लीटर कफ सिरप, 3940.785 किलोग्राम गांजा, 3734.47 ग्राम स्मैक, 3256 ML नशीला इंजेक्शन और 120 नशीली टैबलेट बरामद की जा चुकी हैं।
मादक पदार्थों के साथ-साथ पुलिस ने अब तक कुल 6,85,814 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी जब्त की है। इस पूरे अभियान के दौरान अब तक कुल 1,223 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। DIG की आम जनता से अपील: सूचना दें, सहयोग करें और पाएं पुरस्कार कोशी क्षेत्र पुलिस ने नशा मुक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक बार फिर आम जनता से सहयोग की अपील की है।
पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय ने बताया कि नागरिक हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप के जरिए नशा कारोबारियों का नाम, पता और उनके ठिकाने की जानकारी दे सकते हैं। यदि संभव हो, तो इससे जुड़े फोटो और वीडियो भी साझा किए जा सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गुप्त रहेगी और जिस किसी की सटीक सूचना पर पुलिस को विशेष सफलता मिलेगी, उन्हें DIG द्वारा उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें
भारत-नेपाल सीमा पर वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़
नवादा में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
मासिक शिवरात्रि पर घनश्याम पाठक ने किया मारकंडेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन
रात्रि चौपाल से चमकी बुखार को धमकी, गांव-गांव जागरूकता की अलख जगा रहे पीएसपी सदस्य
