‘चीनी मिल’ हम लगाएंगे, डीएम जमीन खोजें-CM सम्राट चौधरी
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सीवान के पचरुखी प्रखंड के पपौर में आयोजित सहयोग शिविर में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीवान के विकास को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराए तो सरकार सीवान में चीनी मिल स्थापित करने का काम करेगी. साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
2030 तक एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वर्ष 2030 तक बिहार के एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के संकल्प पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है.
सहयोग शिविर की व्यवस्था का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू की गई एक अनूठी व्यवस्था है. उन्होंने बताया कि आवेदन देने के 10 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर 11वें दिन नोटिस जारी किया जाता है. 21वें और 26वें दिन क्रमशः दूसरे और अंतिम नोटिस दिए जाते हैं. इसके बावजूद 30 दिनों में कार्य पूरा नहीं होने पर 31वें दिन संबंधित अधिकारी के निलंबन का प्रावधान है.
3 लाख से अधिक आवेदन, 90 प्रतिशत का निस्तारण
उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर के तहत अब तक 3 लाख 3 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2 लाख 61 हजार मामलों का निस्तारण किया जा चुका है. सरकार का दावा है कि लगभग 90 प्रतिशत आवेदनों का समाधान किया गया है.
हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल खोलने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव की बात करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे. साथ ही मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जहां गरीब और अमीर परिवारों के बच्चे एक साथ पढ़ सकेंगे. उन्होंने कहा कि शिक्षा में समानता लाना सरकार का लक्ष्य है.
125 यूनिट मुफ्त बिजली और सोलर योजना पर जोर
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक परिवार को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है, जिस पर हर वर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. इसके अलावा लाखों परिवारों को सोलर बिजली से जोड़ने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है.
जिला अस्पतालों को बेहतर बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त तक जिला और अनुमंडल अस्पतालों को इस स्तर तक विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है कि सामान्य मरीजों को इलाज के लिए रेफर करने की जरूरत न पड़े.
अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी
अपराध नियंत्रण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं है. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार पूरी सख्ती से काम कर रही है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है.
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपने को साकार कर रहा हूं. नीतीश कुमार के छोड़े हुए कामों को पूरा करने का काम करूंगा. बिहार में उद्योगों का जाल बिछेगा और सिवान में भी चीनी की फैक्ट्री लगेगी.
वहीं, सीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अपराधियों को या तो बिहार छोड़ना होगा या फिर सुधर जाना होगा. उन्होंने पुलिस को खुली छूट देते हुए कहा कि जो अपराधी कानून को चुनौती देंगे, उनका या तो जेल के भीतर इलाज होगा या श्मशान घाट भेज दिया जाएगा.
सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस को निर्देश है कि अगर अपराधी कोई वारदात करते हैं, तो उसे चुनौती के रूप में लेकर 48 घंटे के भीतर करारा जवाब दे. सुशासन की सरकार में अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन पर लोगों में खासा उत्साह देखा गया.कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की भीड़ काफी ज्यादा देखी गई. मुख्यमंत्री ने लाभुकों से संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की भी जानकारी ली. इस दौरान एनडीए के नेताओं ने सीएम का जोरदार स्वागत किया. दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. मंच पर सीएम सम्राट चौधरी के साथ पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सिवान और महाराजगंज के सांसद समेत कई विधायक मौजूद रहे.
