भूमि पूजन के साथ बगौरा में पंचयात सरकार भवन निर्माण का हुआ शुभारम्भ, ग्रामीणों को मिलेगी एक ही छत के नीचे सरकारी सेवाएं
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा पंचायत में बुधवार को लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत बनने वाला यह भवन पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भाजपा जिला मंत्री उमाशंकर सिंह, मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह,भाजपा नेता पवन यादव, मुखिया प्रतिनिधि बीरन यादव तथा बीडीसी सदस्य अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत सरकार भवन बनने से ग्रामीणों को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अधिकांश पंचायत संबंधी सेवाएं अब एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

उन्होंने बताया कि पंचायत सरकार भवन में पंचायत कार्यालय, ग्राम कचहरी, आरटीपीएस काउंटर, पंचायत प्रतिनिधियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे पंचायत प्रशासन अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगा।
ग्रामीणों ने भी भवन निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे पंचायत के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। लोगों ने उम्मीद जताई कि भवन के निर्माण के बाद पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं का लाभ और भी सरलता एवं पारदर्शिता के साथ आम लोगों तक पहुंचेगा।
