
BPSC में चयनित दीपक बने एसडीएम,गाँव आने पर लोगों नें किया भव्य स्वागत
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड के मड़सरा पंचायत अंतर्गत बैदापुर विशुनपुरा गांव के एक साधारण परिवार के बेटे दीपक प्रसाद ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 138वीं रैंक हासिल कर एसडीएम पद के लिए चयनित होकर पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
दीपक प्रसाद के गांव पहुंचने पर बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रमुख जब्बार हुसैन ने की। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि बबलू तिवारी, राहुल तिवारी, बीडीसी सदस्य असगर अली, भगराशन शर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
दीपक के पिता वीरेंद्र प्रसाद एक किराना दुकानदार हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। दीपक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बोकारो के सेक्टर-1सी स्थित इस्पात विद्यालय से प्राप्त की और वर्ष 2010 में 95 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद सेक्टर-2सी स्थित सीनियर सेकेंडरी इस्पात विद्यालय से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने भोपाल के सागर कॉलेज से बीटेक तथा दिल्ली से एमटेक की डिग्री हासिल की।
एमटेक की पढ़ाई पूरी होने से पहले ही वर्ष 2020 में उनका चयन भारतीय रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर हुआ। नौकरी की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का अपना सपना जीवित रखा और निरंतर मेहनत करते हुए BPSC की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 138वीं रैंक हासिल कर एसडीएम पद के लिए चयनित हुए।
सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि दीपक प्रसाद की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि उनकी उपलब्धि से गांव और जिले के अन्य छात्र भी कठिन परिश्रम एवं लगन के बल पर प्रशासनिक सेवाओं में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित होंगे।
