Headlines

दारौंदा प्रखंड कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से बिजली मीटर में लगी आग, घंटों बाधित रहा सरकारी कामकाज

दारौंदा प्रखंड कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से बिजली मीटर में लगी आग, घंटों बाधित रहा सरकारी कामकाज

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।

सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने मीटर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और वह जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे प्रखंड कार्यालय की बिजली व्यवस्था ठप हो गई, जिससे सरकारी कार्यों के साथ-साथ आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग लगते ही कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। उस समय प्रखंड कार्यालय के सभागार में पंचायत समिति (बीडीसी) की बैठक चल रही थी। बिजली कटते ही पंखे, कंप्यूटर, सर्वर सहित सभी विद्युत उपकरण बंद हो गए, जिससे बैठक की कार्यवाही भी प्रभावित हुई।
बिजली नहीं रहने के कारण जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों का काम नहीं हो सका और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। कार्यालय के कर्मचारियों ने भी सीमित संसाधनों के बीच आवश्यक कार्य निपटाने का प्रयास किया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सिम्पी कुमारी एवं अंचल अधिकारी वेदप्रकाश नारायण ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल विद्युत विभाग को दे दी गई है। विभाग की टीम नया मीटर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया में जुटी है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!