दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन सुधार विशेष शिविर, लाभार्थियों की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार)।
सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को आम लोगों की सुविधा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा पेंशन सुधार विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी की देखरेख में आयोजित हुआ, जिसमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थी पहुंचे। अधिकारियों द्वारा उनके आवेदनों की जांच कर लंबित मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की गई। जिन लाभार्थियों के आवेदन में तकनीकी या दस्तावेज संबंधी त्रुटियां पाई गईं, उन्हें आवश्यक जानकारी देकर तत्काल सुधार की प्रक्रिया शुरू कराई गई, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। इसी उद्देश्य से ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लाभार्थियों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर हो सके।
उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की कि यदि उनकी पेंशन किसी कारणवश बंद है, भुगतान में किसी प्रकार की समस्या है अथवा आवेदन में कोई त्रुटि है, तो वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऐसे विशेष शिविरों में पहुंचकर अपना आवेदन अवश्य सुधार कराएं।
शिविर के दौरान प्रखंड कार्यालय के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा लाभार्थियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे आमजन के हित में सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताया।
