Headlines

दारौंदा के रुकुंदीपुर और रसूलपुर पंचायत में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

दारौंदा के रुकुंदीपुर और रसूलपुर पंचायत में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवान (बिहार)।

सीवन जिला के दारौंदा प्रखंड के रुकुंदीपुर और रसूलपुर पंचायत में मंगलवार को आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। किसी ने आवास योजना से जुड़ी समस्या अधिकारियों के सामने रखी, तो किसी ने पेंशन, राशन कार्ड, बिजली, सड़क, नाली, भूमि विवाद, राजस्व सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी, अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण, थानाध्यक्ष विकास सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दरअसल, सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को आम लोगों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायत स्तर पर इस तरह के सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड और अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने आएं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें।
वहीं, अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने ग्रामीणों की राजस्व एवं भूमि से संबंधित समस्याओं को सुना, जबकि थानाध्यक्ष विकास सिंह ने पुलिस से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं को सुना और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी।
पंचायत स्तर पर आयोजित इस सहयोग शिविर को लेकर ग्रामीणों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत में अधिकारियों के पहुंचने से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!