रसूलपुर पंचायत में डीडीसी अमिताभ सिंह ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन दारौंदा (बिहार )।
सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत रसूलपुर पंचायत में मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीवान के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अमिताभ सिंह ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना बेहद जरूरी है।
वृक्षारोपण के दौरान डीडीसी अमिताभ सिंह ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। ये न केवल हमें शुद्ध हवा प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को बेहतर करने और धरती को हरा-भरा रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे पौधारोपण को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखें।
इस अवसर पर दारौंदा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शिल्पी कुमारी, अंचलाधिकारी (सीओ) वेद प्रकाश नारायण एवं रसूलपुर पंचायत के मुखिया मंसूर अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि गांवों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।
