सीवान में 25 जुलाई को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च
शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार सुरक्षित, लेकिन कानून तोड़ने, अफवाह फैलाने और जनजीवन बाधित करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सीवान में 25 जुलाई को छात्र संगठनों एवं कुछ राजनीतिक दलों द्वारा प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और बिहार बंद को लेकर सिवान जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट मोड में है। जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के संयुक्त नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
फ्लैग मार्च जेपी चौक से प्रारंभ होकर थाना मोड़, बबुनिया मोड़, मखदूम सराय, तेलहट्टा बाजार, गल्ला पट्टी होते हुए पुनः थाना मोड़ पहुंचा। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से शांति, सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इस अधिकार की आड़ में कानून हाथ में लेने, सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, यातायात बाधित करने या आम लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित करने की अनुमति किसी भी स्थिति में नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अफवाहपूर्ण अथवा अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से भी लोगों को बचने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि जिले के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्ती, निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सभी पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। सिवान जंक्शन पर आरपीएफ और इंटेलिजेंस ब्रांच भी सक्रिय हो गई है तथा दिल्ली जाने वाली ट्रेनों और स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि 25 जुलाई को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के दौरान जिले में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
- यह भी पढ़े……………
- 26 दिनों में कैसे बदला जंतर-मंतर का छात्र आंदोलन
- क्या बंद हो गया है आपका राशन कार्ड?
- मेरा युवा भारत (MY Bharat) का जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक आयोजित
