Headlines

पटना हाई कोर्ट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, रूपेश देव बने नए महानिबंधक; कई जिलों के जिला जज बदले…

पटना हाई कोर्ट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, रूपेश देव बने नए महानिबंधक; कई जिलों के जिला जज बदले…

श्रीनारद मीडिया, स्‍टेट डेस्‍क:

.

पटना हाई कोर्ट ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था में व्यापक प्रशासनिक बदलाव करते हुए कई जिला एवं सत्र न्यायाधीशों का तबादला किया है। इस फेरबदल में रूपेश देव को हाई कोर्ट का नया महानिबंधक (Registrar General) नियुक्त किया गया है।

पटना: पटना उच्च न्यायालय ने न्यायिक प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर जिला जजों और रजिस्ट्रार स्तर के अधिकारियों का तबादला किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान महानिबंधक शिव गोपाल मिश्रा को पश्चिमी चंपारण (बेतिया) का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। उनकी जगह पटना सिविल कोर्ट के जिला जज रूपेश देव को पटना हाई कोर्ट का नया महानिबंधक (Registrar General) नियुक्त किया गया है।

तबादला सूची के तहत पश्चिमी चंपारण की जिला जज अनामिका टी को पटना सिविल कोर्ट का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं, सुपौल के जिला जज अनंत सिंह को स्थानांतरित कर छपरा (सारण) का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

हाई कोर्ट प्रशासन ने रजिस्ट्री में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। हाजीपुर के जिला जज हर्षित सिंह को रजिस्ट्रार (निगरानी) बनाया गया है, जबकि इस पद पर कार्यरत डॉ. राकेश कुमार सिंह (1) को सुपौल का जिला जज नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, छपरा के जिला जज पुनीत कुमार गर्ग को रजिस्ट्रार (आईटी) और शिवहर के जिला जज दीपक कुमार को रजिस्ट्रार (नियुक्ति) का दायित्व सौंपा गया है।

इसके साथ ही हाई कोर्ट के पूर्व रजिस्ट्रार (आईटी) आनंद नंदन सिंह को वैशाली (हाजीपुर) का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं, हाई कोर्ट के एडिटर संजय अग्रवाल को पदोन्नति के साथ शिवहर का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

पटना हाई कोर्ट की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इन तबादलों का उद्देश्य न्यायिक प्रशासन को अधिक सुचारू और प्रभावी बनाना है। सभी अधिकारियों को जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें

चलती ट्रेन से मोबाइल छीनने वाला गिरफ्तार:आम्रपाली एक्सप्रेस में सवार व्यक्ति से छीना था मोबाइल, आरपीएफ ने किया बरामद

बिहार सरकार के “सेवा, संकल्प एवं समर्पण” के 100 दिन पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजित

 

Leave a Reply

error: Content is protected !!