PM के आगमन से पहले वाराणसी में छिनैती — अलर्ट के बीच अपराध, सुरक्षा पर बड़े सवाल

श्रीनारद मीडिया / सुनील मिश्रा वाराणसी, उत्तर प्रदेश
वाराणसी, 27 अप्रैल 2026 / देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे से पहले शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। जगह-जगह चेकिंग, पुलिस की तैनाती और निगरानी के दावों के बीच मडुवाडीह क्षेत्र में हुई एक छिनैती की घटना ने इन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के मुताबिक, मडौली चौराहा के पास शाम करीब 8 बजे मनोज द्विवेदी नामक युवक ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका वीवो का मोबाइल फोन जिसकी कीमत लगभग 20000 रूपए थी झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। वारदात इतनी अचानक हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं पाया। घटना के बाद पीड़ित ने थाना मडुवाडीह में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है और आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने के दावे किए जा रहे हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटना होना यह संकेत देता है कि अपराधी अब भी बेखौफ हैं और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं न कहीं चूक बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर वीआईपी दौरे से पहले ही ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, तो आम दिनों में सुरक्षा का स्तर क्या होगा। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
