शब्द, समय और सच के बीच: हिंदी पत्रकारिता की अनकही धड़कन
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर विशेष आलेख
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

समाचार कभी केवल सूचना नहीं होते; वे समय की धड़कनों पर रखी उँगलियाँ होते हैं। जब मनुष्य ने पहली बार अपनी बात को अक्षरों में बाँधा, तब शायद उसे यह अंदाज़ा नहीं रहा होगा कि एक दिन वही अक्षर समाज की स्मृति बन जाएँगे और स्मृति से भी अधिक, एक प्रकार की चेतना। हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत भी किसी शोरगुल से नहीं, बल्कि एक शांत, लगभग अकेले संकल्प से हुई थी—जब उदन्त मार्तण्ड ने पहली बार अपने पन्ने खोले और पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने शब्दों को इस तरह साधा मानो वे केवल खबर नहीं, एक नई भाषा-आत्मा की घोषणा हों।
वह समय आज जैसा नहीं था, जब खबरें उँगलियों के पोरों से फिसलती हुई स्क्रीन पर गिरती हैं और अगले ही क्षण स्मृति से भी बाहर चली जाती हैं। तब एक-एक अक्षर जैसे श्रम का फल था, और एक-एक पंक्ति में जैसे किसी व्यक्ति का जीवन धड़कता था। हिंदी पत्रकारिता की पहली साँस में ही एक बेचैनी थी—अपनी भाषा में बोलने की, अपने समाज को अपने ही शब्दों में देखने की, और उन अनुभवों को दर्ज करने की, जिन्हें कोई और भाषा उतनी सहजता से नहीं कह सकती थी।
पत्रकारिता, दरअसल, समय के साथ एक प्रकार का संवाद है। यह केवल घटनाओं का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि उस लेखे-जोखे के पीछे छिपे अर्थों की खोज भी है। हिंदी पत्रकारिता ने अपने प्रारंभ से ही इस द्वंद्व को जिया है—तथ्य और अर्थ के बीच, सूचना और संवेदना के बीच। यही कारण है कि उसके भीतर एक अजीब-सी काव्यात्मकता भी जन्म लेती रही है। यह काव्यात्मकता किसी अलंकार की देन नहीं बल्कि उस अनुभव की है जो समाज के भीतर लगातार घटता रहता है और जिसे शब्द पकड़ने की कोशिश करते हैं।
कभी-कभी लगता है कि पत्रकारिता का सबसे बड़ा संकट यह नहीं है कि खबरें झूठी हो रही हैं बल्कि यह है कि वे संवेदना से खाली होती जा रही हैं। शब्द तो हैं, वाक्य भी हैं, पर उनमें वह आंतरिक कंपन नहीं है जो मनुष्य के अनुभव को छू सके। हिंदी पत्रकारिता के शुरुआती दिनों में, चाहे संसाधन कम थे, पर शब्दों में एक प्रकार की ईमानदारी थी—जैसे वे सीधे हृदय से निकलकर कागज़ पर उतर आए हों। आज संसाधनों की अधिकता है, पर उस ईमानदारी को बचाए रखना कहीं अधिक कठिन हो गया है।
यह दिन केवल स्मरण का दिन नहीं होना चाहिए; यह आत्मपरीक्षण का दिन भी है। यह पूछने का दिन कि क्या हम सचमुच अपने समय को समझ पा रहे हैं, या केवल उसे दर्ज करने की औपचारिकता निभा रहे हैं। क्या हमारी भाषा अभी भी उतनी ही जीवित है, जितनी तब थी जब उसने पहली बार अपने पैरों पर खड़ा होना सीखा था? या वह भी बाज़ार और सत्ता के बीच कहीं अपनी साँसें गिन रही है?
हिंदी पत्रकारिता की यात्रा किसी सीधी रेखा की तरह नहीं रही; उसमें उतार-चढ़ाव हैं, संघर्ष हैं, और कई बार ऐसी चुप्पियाँ भी हैं जो शब्दों से अधिक मुखर होती हैं। पर इस यात्रा में एक चीज़ लगातार बनी रही है—अपनी भाषा में दुनिया को देखने की जिद। यही जिद उसे बार-बार पुनर्जीवित करती है, चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों।
समाचारों की दुनिया में रहते हुए भी हिंदी पत्रकारिता ने हमेशा यह याद दिलाया है कि मनुष्य केवल सूचना से नहीं बनता; वह स्मृतियों, भावनाओं और उन अनकहे अनुभवों से भी बनता है जो शब्दों के बीच की खाली जगहों में बसते हैं। वही खाली जगहें दरअसल सबसे अधिक बोलती हैं, और वही पत्रकारिता को मात्र पेशा नहीं, एक प्रकार का सृजन बना देती हैं।
जब हम इस दिन को याद करते हैं, तो यह केवल अतीत की ओर देखना नहीं है, बल्कि उस अदृश्य पुल को पहचानना है जो अतीत और वर्तमान के बीच बना हुआ है। उस पुल पर चलते हुए हर पत्रकार, हर लेखक, कहीं-न-कहीं उस पहली आवाज़ को सुन सकता है, जो 1826 में उठी थी—धीमी, पर अडिग। वह आवाज़ आज भी हमारे भीतर कहीं गूँजती है, बशर्ते हम सुनने की फुर्सत रखें।
और शायद यही सबसे कठिन काम है—सुनना। क्योंकि शोर के इस समय में सुनना एक तरह का प्रतिरोध है। हिंदी पत्रकारिता का आरंभ भी एक प्रतिरोध ही था—चुप्पी के विरुद्ध, पराधीनता के विरुद्ध, और उस विस्मृति के विरुद्ध जो मनुष्य को अपने ही अनुभवों से काट देती है।
अब प्रश्न यह नहीं है कि पत्रकारिता कहाँ पहुँच गई है; प्रश्न यह है कि वह अपने भीतर कितनी बची हुई है। शब्द अगर अब भी सच के साथ खड़े हो सकें, अगर वे अब भी मनुष्य की गरिमा को बचाए रखने की कोशिश करें तो हिंदी पत्रकारिता केवल एक परंपरा नहीं रहेगी, वह एक जीवित संवेदना बनी रहेगी—और शायद यही उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी, और सबसे बड़ी चुनौती भी।

पत्रकारिता केवल घटनाओं की परछाईं नहीं बल्कि उन पर पड़ने वाली रोशनी भी है। रोशनी अगर थोड़ी-सी भी टेढ़ी हो जाए, तो पूरी तस्वीर का अर्थ बदल जाता है। हिंदी पत्रकारिता ने कई बार इस रोशनी को बचाने की कोशिश की है—कभी शब्दों के साहस से, कभी चुप्पियों की दृढ़ता से। यह एक अजीब-सी साधना है, जिसमें हर दिन अपने ही बनाए हुए विश्वास की परीक्षा देनी पड़ती है।
समय के साथ-साथ खबरों की गति इतनी तेज हो गई है कि ठहरकर देखना लगभग अपराध-सा लगने लगा है। हर सूचना जैसे अपने पीछे अगली सूचना को धकेलती चली जाती है, और मनुष्य उस दौड़ में धीरे-धीरे पीछे छूटता जाता है। ऐसे में हिंदी पत्रकारिता का वह पुराना धैर्य, वह ठहराव, जैसे किसी भूली हुई धुन की तरह याद आता है। वह धुन, जिसमें शब्द जल्दी में नहीं होते थे; वे अपने अर्थ के साथ धीरे-धीरे खुलते थे, जैसे कोई फूल बिना शोर के खिलता है।
कभी-कभी यह भी लगता है कि पत्रकारिता ने भाषा को जितना दिया है, उससे अधिक उससे लिया भी है। उसने भाषा को तेज़ बनाया, धारदार बनाया, पर उसी प्रक्रिया में कहीं उसकी कोमलता भी कम होती चली गई। शब्द अब अधिक चुभते हैं, कम सहलाते हैं। शायद यह समय की मांग है, या शायद यह हमारी अधीरता का परिणाम है। पर हिंदी की आत्मा में जो लय है, जो सहजता है, वह अब भी हर सच्चे वाक्य के भीतर छिपी रहती है, बस उसे पहचानने की दृष्टि चाहिए।
यह दृष्टि केवल तकनीक से नहीं आती; यह आती है भीतर की उस बेचैनी से, जो मनुष्य को दूसरों के दु:ख और सुख से जोड़ती है। पत्रकारिता अगर इस जुड़ाव को खो दे, तो वह केवल सूचना का व्यापार बनकर रह जाएगी। हिंदी पत्रकारिता की असली शक्ति इसी जुड़ाव में रही है—वह गाँव की पगडंडियों से लेकर शहर की भीड़ तक, हर जगह की आवाज़ को अपने भीतर समेटने की कोशिश करती रही है।
कितनी ही बार ऐसा हुआ है कि एक छोटा-सा समाचार, किसी कोने में छपा हुआ, किसी बड़े सत्य की ओर इशारा कर देता है। वही इशारा पत्रकारिता की असली उपलब्धि है। बड़े शीर्षक और चकाचौंध से अधिक, वे छोटे-छोटे संकेत ही समाज के भीतर गहरी हलचल पैदा करते हैं। हिंदी पत्रकारिता ने ऐसे संकेतों को पहचानने की एक विशेष क्षमता विकसित की है—जैसे वह शब्दों के बीच छिपे हुए अर्थों को सुन सकती हो।
पर इस सुनने की प्रक्रिया में एक जोखिम भी है। सच को सुनना हमेशा आसान नहीं होता; वह अक्सर असुविधाजनक होता है, कभी-कभी भयावह भी। पत्रकारिता का काम उस असुविधा से भागना नहीं, बल्कि उसे शब्द देना है। हिंदी पत्रकारिता की परंपरा में यह साहस बार-बार दिखाई देता है—भले ही उसकी कीमत चुकानी पड़ी हो।
आज जब हम इस यात्रा को देखते हैं, तो यह केवल उपलब्धियों की सूची नहीं है; यह उन असंख्य प्रयासों की कहानी है, जो अक्सर दिखाई नहीं देते। हर वह व्यक्ति, जिसने अपनी भाषा में सच कहने की कोशिश की, इस परंपरा का हिस्सा है। यह परंपरा किसी एक अख़बार, किसी एक नाम, या किसी एक समय की नहीं है; यह एक निरंतर बहती हुई धारा है, जिसमें हर पीढ़ी अपना थोड़ा-सा जल जोड़ती रहती है।
पत्रकारिता का सबसे गहरा संबंध मनुष्य की गरिमा से है। अगर शब्द मनुष्य को छोटा करने लगें, उसे केवल एक आँकड़ा बना दें, तो पत्रकारिता अपनी मूल आत्मा से दूर चली जाती है। हिंदी पत्रकारिता ने बार-बार इस गरिमा को याद रखने की कोशिश की है—कि हर खबर के पीछे एक चेहरा है, एक जीवन है, एक कहानी है, जिसे केवल सूचना में समेटा नहीं जा सकता।
शायद यही कारण है कि जब हम हिंदी पत्रकारिता को याद करते हैं, तो वह केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं लगती; वह एक जीवित अनुभव की तरह हमारे सामने आती है। उसमें अतीत की गूँज भी है और वर्तमान की बेचैनी भी। वह हमें लगातार यह याद दिलाती रहती है कि शब्द केवल कहने के लिए नहीं होते, वे बचाने के लिए भी होते हैं—स्मृतियों को, सच्चाइयों को, और सबसे बढ़कर, मनुष्य को।
इस सारे शोर, इस सारे उतावलापन के बीच, यदि कहीं कोई एक वाक्य अब भी पूरी ईमानदारी से लिखा जा रहा है तो समझ लेना चाहिए कि हिंदी पत्रकारिता अभी समाप्त नहीं हुई है। वह वहीं है—धीरे-धीरे, लगभग अदृश्य ढंग से—पर उतनी ही दृढ़ता के साथ, जितनी उस पहले दिन थी, जब उसने अपने अस्तित्व की घोषणा की थी।
आभार~ परिचय दास
