“कीर्ति से क्षमा तक—नारी ही राष्ट्र शक्ति का आधार” : डॉ पूजा
सीवान में ‘सप्तशक्ति संगम’ का समापन
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

विद्या भारती की उत्तर बिहार प्रांत इकाई, लोक शिक्षा समिति बिहार के सीवान विभाग द्वारा विद्या भवन महिला महाविद्यालय परिसर में आयोजित “सप्तशक्ति संगम” का समापन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सप्तशक्ति संगम की क्षेत्रीय संयोजिका डॉ. पूजा कुमारी ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित नारी की सात दिव्य शक्तियों—कीर्ति, श्री, वाक्, स्मृति, मेधा, धृति एवं क्षमा—को केंद्र में रखकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती द्वारा पूरे देश में नारी शक्ति के जागरण हेतु “सप्तशक्ति संगम” के नाम से हजारों कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में करोड़ों महिलाओं की सहभागिता हुई है।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य भारतीय संस्कृति में नारी की गरिमा एवं उसके आध्यात्मिक स्वरूप को समाज के समक्ष पुनः प्रतिष्ठित करना है। गीता के विभूति योग (अध्याय 10, श्लोक 34) का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने नारी में विद्यमान इन सात गुणों को अपनी दिव्य विभूतियाँ कहा है।
‘कीर्ति’ समाज में सद्गुणों के प्रसार की प्रेरणा देती है, ‘श्री’ समृद्धि और सौंदर्य की प्रतीक है, ‘वाक्’ सत्य एवं मधुर संवाद की शक्ति है। ‘स्मृति’ परंपरा और संस्कारों की संरक्षिका है तथा ‘मेधा’ विवेकपूर्ण नेतृत्व का आधार है।
उन्होंने आगे कहा कि ‘धृति’ विपरीत परिस्थितियों में अडिग रहने की शक्ति प्रदान करती है और ‘क्षमा’ समाज में समरसता एवं करुणा का वातावरण निर्मित करती है। इन सात शक्तियों का समन्वय ही सशक्त परिवार, संस्कारित समाज और सुदृढ़ राष्ट्र का निर्माण करता है।
कार्यक्रम में शहर की मातृशक्ति की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। संगम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नारी सम्मान, संस्कार और शक्ति का जीवंत स्वरूप है तथा राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका सर्वोपरि है।
कार्यक्रम का संचालन महावीरी विजयहाता की आचार्या प्रीति कुमारी व वृत कथन लोक शिक्षा समिति बिहार की उपाध्यक्ष प्रोफेसर रीता कुमारी ने किया। अध्यक्षता महावीरी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की अध्यक्षा डॉ ममता सिंह ने की। वहीं अतिथियों का परिचय बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या सिम्मी कुमारी व स्वागत महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर,हकाम की प्रधानाचार्या सुमन कुमारी व धन्यवाद ज्ञापन सप्तशक्ति संगम की सिवान विभाग संयोजिका आशा रंजन ने किया।
सप्तशक्ति संगम के समापन समारोह को सफल बनाने में विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम के नेतृत्व में शहर के सभी महावीरी विद्यालय के प्रधानाचार्य, आचार्य बन्धु भगिनी, प्रबंध समिति के सदस्यों और विद्यालय के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़े
मांझी में जदयू का संगठनात्मक चुनाव संपन्न, दयानंद सिंह प्रखंड अध्यक्ष निर्वाचित
संत निरंकारी मिशन के द्वारा “स्वच्छ जल स्वच्छ मन” के तहत चलाया गया स्वच्छता अभियान
रघुनाथपुर : लगातार चौथी बार निर्विरोध जदयू प्रखंड अध्यक्ष चुने गए कृष्णा सिंह पटेल
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का हुआ भौतिक सत्यापन
जलावन की लकड़ी को लेकर हुए विवाद में पांच लोग घायल
