सीवान डीएम की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की हुई बैठक
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

सीवान के जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, सिवान की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान दाहा नदी की स्वच्छता, नदी में अपशिष्ट प्रवाह की रोकथाम, स्थापित मैकेनिकल स्क्रीन के संचालन एवं अनुरक्षण तथा दाहा नदी की जल गुणवत्ता जाँच प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। साथ ही दाहा नदी के पुनर्जीवन हेतु तैयार की जा रही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को नदी घाटों पर प्रत्येक 50 मीटर की दूरी पर ट्विन डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत नदी तटों पर व्यापक वृक्षारोपण एवं उसके संरक्षण को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों के निष्पादन, दाहा नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा जन सहभागिता के माध्यम से नदी संरक्षण अभियान को और प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
उक्त बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, कार्यपालक अभियंता, बुडको, जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें
महावीरी विद्यालय में युवा संवाद : राष्ट्र निर्माण के दस सामाजिक कर्तव्यों का दिया संदेश
एक सप्ताह में अरूआ गांव में सर्प दंश से दूसरी मौत
अरवल सीएस के साथ मारपीट के खिलाफ सीएचसी ओपीडी बंद
प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति के मतदाता सूची का बीडीओ ने किया अंतिम प्रकाशन
