नवगछिया पुलिस ने ज्वेलरी चोरी का खुलासा किया:24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, चांदी-नकदी बरामद
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

नवगछिया पुलिस ने मधुरापुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, 9 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए गए हैं।एसडीपीओ ने जानकारी दी कि 1 जून को मधुरापुर निवासी ज्वेलरी व्यवसायी विपिन कुमार ने भवानीपुर थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली थी। इस शिकायत के आधार पर भवानीपुर थाना में कांड संख्या 131/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस को जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया,पूछताछ के दौरान दोनों संदिग्धों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुरापुर निवासी छोटू साह (पिता मो. इरफान) और सतियारा निवासी नंदू कुमार (पिता भोला राय) के रूप में हुई है।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए चांदी के विभिन्न आभूषण, 9 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त लोहे का भाला, लकड़ी का दराज और टूटा हुआ ताला बरामद किया,प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ अनिकेत अमर ने जोर देकर कहा कि नवगछिया पुलिस अपराध नियंत्रण के प्रति पूरी तरह सजग और सक्रिय है। उन्होंने बताया कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है और अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाने का प्रयास किया जाता है। इस त्वरित कार्रवाई और सफल खुलासे के लिए स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों ने पुलिस की सराहना की है।
यह भी पढ़ें
बिहार में निगरानी का बड़ा एक्शन, घूस लेते झाझा थाना का ड्राइवर रंगे हाथ गिरफ्तार, थाना प्रभारी फरार
नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, तीन माह में 1115 तस्कर गिरफ्तार
बुनियाद केंद्र में 46 दिव्यांग को दी गयी बैट्री चालित ट्राई साइकिल, बढ़ गई जिंदगी की रफ्तार
