प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, सोलर मेला 2026 का आयोजन
30 हजार से 78 हजार रूपये तक की मिल रही है सब्सिडी
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

सीवान नगर के समाहरणालय परिसर स्थित अंबेडकर भवन में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL), सिवान एवं जिला प्रशासन, सिवान के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत एक भव्य सोलर मेला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य जिले के आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना, उन्हें स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा के विकल्प से जोड़ना तथा सरकारी सब्सिडी एवं ऋण सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय (भारतीय प्रशासनिक सेवा) द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना आम जनता को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने दृश्य प्रस्तुति (Visual Presentation) के माध्यम से उपस्थित लोगों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया, तथा सोलर सिस्टम स्थापना से होने वाले आर्थिक एवं पर्यावरणीय फायदों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
मेले में उपस्थित लोगों को ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम, उसकी कार्यप्रणाली, स्थापना प्रक्रिया, रखरखाव तथा उससे होने वाली बचत के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी के बारे में भी स्पष्ट रूप से बताया गया:
1 किलोवाट (KW) पर ₹30,000/- तक की सब्सिडी
2 किलोवाट (KW) पर ₹60,000/- तक की सब्सिडी
3 किलोवाट (KW) पर ₹78,000/- तक की सब्सिडी
इसके अतिरिक्त यह जानकारी भी साझा की गई कि 1 किलोवाट सोलर सिस्टम से औसतन लगभग 100 यूनिट प्रति माह बिजली उत्पादन संभव है, जिससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है और दीर्घकाल में आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
इस सोलर मेले की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि इसमें कुल 36 वेंडर्स (Solar Vendors) ने भाग लिया, जिन्होंने अपने-अपने सोलर उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया। साथ ही, सभी प्रमुख सरकारी बैंकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिससे आम नागरिकों को मौके पर ही ऋण (Loan) से संबंधित जानकारी, परामर्श एवं स्वीकृति की सुविधा प्राप्त हो सकी।
कार्यक्रम के दौरान मौके पर ही आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान कुल 76 ऑन-द-स्पॉट आवेदन प्राप्त हुए, जो इस योजना के प्रति लोगों के बढ़ते रुझान और विश्वास को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त, 18 लाभार्थियों को ऋण वितरण (Loan Disbursement) भी किया गया, जिससे वे शीघ्र ही अपने घरों में सोलर सिस्टम स्थापित कर सकेंगे।
माननीय जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा मेले में लगाए गए सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न वेंडर्स से बातचीत कर उनके उत्पादों एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने उन उपभोक्ताओं को भी सम्मानित किया, जिन्होंने सोलर सिस्टम स्थापित कर लाभ प्राप्त किया है। इस सम्मान कार्यक्रम ने अन्य नागरिकों को भी इस योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त , सिवान (DDC), विद्युत कार्यपालक अभियंता सिवान -श्री रोशन कुमार (EEE), विद्युत कार्यपालक अभियंता, महाराजगंज- श्री प्रभात कुमार, लीड बैंक मैनेजर (LDM), सिवान सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारीगण, बैंक प्रतिनिधि, सोलर कंपनियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा आत्मनिर्भरता एवं आर्थिक बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में NBPDCL, जिला प्रशासन, सिवान, सभी बैंकों, वेंडर्स एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने का सुनहरा अवसर
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):*

जिला प्रशासन, सिवान द्वारा आम नागरिकों को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा के प्रति जागरूक करने तथा सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंबेडकर भवन सिवान में 29 अप्रैल 2026 को“सोलर मेला” का आयोजन किया जा रहा है।
यह मेला भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन के लिए आयोजित किया जा रहा है।
इस मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने हेतु प्रेरित करना है, ताकि वे अपनी बिजली की जरूरतों को स्वयं पूरा कर सकें और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकें।
योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ₹78,000 तक की सरकारी सब्सिडी प्रदान की जाती है, जिससे रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना काफी किफायती हो जाती है। इसके साथ ही, उपभोक्ताओं को दीर्घकालिक रूप से बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी का लाभ भी मिलता है।
मेले की प्रमुख विशेषताएं:
रूफटॉप सोलर योजना से संबंधित संपूर्ण जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध
ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण एवं आवेदन की सुविधा
सब्सिडी प्रक्रिया एवं पात्रता मानदंड की विस्तृत जानकारी
विभिन्न अधिकृत सोलर कंपनियों द्वारा तकनीकी परामर्श एवं डेमो
उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं के अनुसार उपयुक्त सोलर सिस्टम का चयन
बैंक एवं वित्तीय सहायता: मेले में विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो उपभोक्ताओं को आसान ऋण सुविधा, ईएमआई विकल्प तथा वित्तीय परामर्श प्रदान करेंगे, ताकि कोई भी इच्छुक व्यक्ति आर्थिक कारणों से इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
सोलर वेंडर एवं तकनीकी सहायता: अधिकृत सोलर वेंडर एवं विशेषज्ञ मौके पर उपस्थित रहकर उपभोक्ताओं को सोलर पैनल की गुणवत्ता, लागत, इंस्टॉलेशन प्रक्रिया, रखरखाव एवं वारंटी से संबंधित सभी जानकारी देंगे। उपभोक्ता अपनी जरूरत एवं बजट के अनुसार उपयुक्त विकल्प का चयन कर सकेंगे।
पर्यावरण एवं सामाजिक लाभ: रूफटॉप सोलर सिस्टम अपनाने से न केवल व्यक्तिगत स्तर पर बिजली खर्च में कमी आती है, बल्कि यह कार्बन उत्सर्जन को कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह पहल “हरित एवं आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला प्रशासन सभी नागरिकों, आवासीय उपभोक्ताओं, व्यापारियों एवं संस्थानों से अपील करता है कि वे इस “सोलर मेला” में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, योजना की जानकारी प्राप्त करें एवं अपने घरों/संस्थानों में सोलर सिस्टम स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दें।
स्थान: आंबेडकर भवन, जिला समाहरणालय परिसर, सिवान
समय: [10:30 बजे सुबह से]
अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें:
