फाइनल में रणजीत एलेवन ने सुखसेनवा को 24 रनों से रौंदा
📝 खेल को बढ़ावा देने के लिए मुखिया प्रतिनिधि ने कमिटी को दी सौगात
श्रीनारद मीडिया, चमन श्रीवास्तव, सीवान (बिहार):

बिहार के सिवान जिले में शार्ट बाउंड्री क्रिकेट का क्रेज निर्वांध रूप से बढ़ रहा है। छक्का व बॉलिंग रनअप प्रतिबंधित इस खेल में जमीनी शार्ट सहित चौके की अहमियत ज्यादा रहती है। इस बावत भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में प्रखंड के चंदौली स्थित खेल मैदान में चल रहे शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच रविवार को खेला गया। मैच का उद्घाटन चन्दौली-गंगौली ग्राम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि महाराजा सिंह ने फीता काटकर किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि महाराजा सिंह ने फील्ड में स्वयं बैटिंग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। बताया कि चंदौली गांव स्थित खेल के मैदान का इतिहास अति प्राचीन रहा है। इस मैदान में 1917 से खेल प्रतियोगिता का आयोजन होता रहा है। पहले यहां लगातार फुटबॉल मैच का आयोजन होता था। तत्पश्चात क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ने के कारण अब इस प्लेग्राउंड में लगातार 9 वर्षों से क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा रहा है। मैच उद्घाटन के पूर्व राष्ट्रगान का आयोजन किया गया।
फाइनल मुकाबला सुखसेनवा गोपालगंज बनाम रणजीत एलेवन चांदपाली के बीच खेला गया। जहां सुखसेनवा की टीम ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। वहीं टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रणजीत एलेवन की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों के मैच में 80 रनों के लक्ष्य दिया। जहां लक्ष्य का पीछा करते हुए सुखसेनवा की टीम दबाव में आ गई। वह लगातार विकेट खोती गई और अंततः 55 रनों पर ही सिमट गई। मुख्य अतिथि महाराजा सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। उपविजेता टीम को भी सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस मैच में 31 रनों की आतिशी पारी खेलने वाले रणजीत एलेवन के खिलाड़ी फहीम अनवर को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
जबकि मैन ऑफ द सीरीज टूर्नामेंट में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले सुखसेनवा के खिलाड़ी समीर को दिया गया। वहीं राहुल को बेस्ट बॉलर व उस्मान को बेस्ट फील्डर से पुरस्कृत किया गया। इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि महाराजा सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं आगे भी होंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। आज का यह आयोजन हमें सिखाता है कि जीवन के मैदान में भी जीत उन्हीं की होती है, जो नियमों में रहकर पूरे जज़्बे के साथ खेलते हैं। मैं सभी खिलाड़ियों से यही कहना चाहूँगा कि हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना को अपनाएँ, एक-दूसरे का सम्मान करें और भारत विभूति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएसके चन्दौली प्रीमियर लीग के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय युवाओं की सराहनीय भूमिका रही।
आयोजन ने जिले के युवाओं में खेल एवं संगठनात्मक गतिविधियों के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया। बता दे कि युवा सम्राट व सामाजिक अभिज्ञान के पुंज महाराजा सिंह ने खेल भावना को जीवंत रखने के लिए कमिटी को ₹11000 का उपहार दिया। साथ ही खिलाड़ियों को भी अपनी तरफ से नगद राशि देकर सम्मानित किया। इस टूर्नामेंट की सफलता ने साबित किया कि खेल ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इससे युवाओं में न सिर्फ खेल भावना बल्कि आपसी भाईचारा भी बढ़ता है। इस टूर्नामेंट में विभिन्न जिलों की कई टीमों ने हिस्सा लिया। खचाखच भरे मैदान में हजारों दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मैच में अम्पायरिंग इमरान खान व शाहरुख खान ने की जबकि स्कोरर की भूमिका शोएब खान व अरबाज खान ने बखूबी निभाई। वहीं कॉमेंट्री सुजीत कुमार निराला ने की। मौके पर इस मैच का आनंद उठाने के लिए मोजाहिद खान, इमरान खान, शाहरुख खान, जफरुद्दीन खान, अहद खान, अफजल खान, अजहरुद्दीन खान, आबिद खान, शाहबाज अंसारी, नसीम, अफजल, वसीम सहित हजारों क्रिकेट प्रेमी मौजूद थे।
यह भी पढ़े
राजद का होली मिलन समारोह में जुटे कार्यकर्ता, खूब खेले होली
बटोहिया गीत पर मंत्रमुग्ध हुए तो भोजपुरी और विनम्रता से महामहिम ने जीता दिल
मौसम विभाग ने मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी है
श्रीराम कथा से पूज्य राजन जी महाराज कर्तव्य बोध के जागरण का पावन संदेश देते हैं
पीएम मोदी ने तमिलनाडु-पुडुचेरी को दी सौगात
घूस लेकर शराब तस्कर को छोड़ने वाला ASI सस्पेंड
जनताबाजार थानान्तर्गत पुलिस पर हमला में 02 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
