टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए मशरक में हुई समीक्षा बैठक
महादलित टोलों में लगेंगे विशेष जांच शिविर
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

मशरक प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ पंकज कुमार,सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप, जीविका के बीपीएम, पंचायत सचिव, आवास सहायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। बैठक में अभियान की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना तथा अधिक से अधिक लोगों तक टीबी जांच एवं उपचार की सुविधा पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया ताकि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को समय पर हासिल किया जा सके।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच और नियमित इलाज से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने सभी विभागों के कर्मियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूक करें और संदिग्ध मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन टीबी स्क्रीनिंग, बलगम जांच तथा डिजिटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध है। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को सरकार द्वारा निःशुल्क दवाएं एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। डॉ. कश्यप ने जानकारी दी कि अभियान के तहत महादलित टोलों में विशेष जांच शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करेगी तथा आवश्यक जांच कराएगी। बैठक में बीडीओ पंकज कुमार ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि कोई भी संभावित टीबी मरीज जांच और इलाज से वंचित न रहे।
बैठक में अभियान के प्रचार-प्रसार, नियमित स्क्रीनिंग, समयबद्ध रिपोर्टिंग तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रखंड क्षेत्र में सफल बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें
नवविवाहित पति अपनी पत्नी को ससुराल से घर लाने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा
परिवार नियोजन सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए काउंसलरों को दिया गया प्रशिक्षण
पूर्व ज़िला पार्षद स्वर्गीय आशुतोष कुमार सिंह जी की तीसरी पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई
रघुनाथपुर : विवादित डॉक्टर इरशाद आलम सहित दो डॉक्टरों का हुआ तबादला
उत्तर प्रदेश के संभल पुलिस को मिली बड़ी सफलता, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी को न्यायालय में पेश किया
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा भोजपुर, अंधाधुंध फायरिंग में चाचा की मौत, भतीजा जख्मी
