ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत SP ने लौटाए 51 मोबाइल
तकनीकी ट्रैकिंग, सूचना और छापेमारी से किए बरामद, कहा-अभियान जारी
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

बांका पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत गुम और चोरी हुए 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए हैं। इस पहल से लोगों को अपनी खोई हुई संपत्ति वापस मिली है, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई।मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने स्वयं उपस्थित लाभार्थियों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। इस मौके पर बौसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा भी मौजूद थे।
एसपी वर्मा ने बताया कि जिले में मोबाइल चोरी और गुमशुदगी की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया था। तकनीकी सेल और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने मिलकर तकनीकी ट्रैकिंग, सूचना संकलन और लगातार छापेमारी के माध्यम से अलग-अलग स्थानों से इन मोबाइल फोन को बरामद किया। बरामद किए गए 51 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ितों को त्वरित राहत पहुंचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इसी सोच के साथ जिले में समय-समय पर ऐसे विशेष अभियान चलाए जाते रहेंगे, ताकि लोगों की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस मिल सके और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
मोबाइल फोन वापस पाकर लाभार्थियों ने खुशी व्यक्त की। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल फोन कभी वापस मिल पाएगा। उन्होंने पुलिस की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन के मालिकों में 4 महिलाएं, 8 छात्र, 5 शिक्षक, 4 व्यवसायी, 7 सरकारी कर्मचारी, 8 मजदूर और 15 अन्य लोग शामिल हैं।
ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत चलाए गए इस अभियान में तकनीकी शाखा प्रभारी पु०अ०नि० मनीष कुमार, सिपाही प्रभात कुमार, सोनू कुमार, संतोष प्रसाद, हिमांशु कुमार (सोशल मीडिया) सहित संबंधित थानों के थानाध्यक्षों, पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़े
प्यार किसी और से शादी किसी और से, दरोगा को पड़ा महंगा
गयाजी में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
फर्नीचर खरीदने आए युवक को अपराधियों ने मारी गोली, युवक गंभीर रूप से घायल, सीवान रेफर
पश्चिम बंगाल चुनाव के वोटर लिस्ट शुद्धिकरण में 91 लाख मतदाता साफ
