झारखंड में आंधी-पानी और वज्रपात से दस लोगों की मौत, कई घायल

झारखंड में आंधी-पानी और वज्रपात से दस लोगों की मौत, कई घायल

 

झारखंड के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटे में आंधी-पानी और वज्रपात की घटनाओं ने दस लोगों की जान ले ली जबकि बच्ची समेत कई लोग घायल हो गए। वज्रपात से सबसे ज्यादा तीन लोगों की मौत हजारीबाग में हुई है। गढ़वा में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि एक बच्ची बुरी तरह झुलस गई। चतरा जिले के टंडवा में एक युवती वज्रपात का शिकार हुई है। इसके अलावा सरायकेला में आंधी में आम का पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर दो बच्चों की जान चली गई। पूर्वी सिंहभूम, बोकारो और जामताड़ा में भी एक-एक व्यक्ति के मरने की खबर है। रामगढ़, लातेहार, और लोहरदगा जिले में भी आंधी-पानी में कई जगह पेड़ गिरने की सूचना है।

हजारीबाग में आंधी-पानी और वज्रपात ने सबसे ज्यादा कहर ढाया। जिले के टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र में बुधवार की देर शाम में हुई जोरदार बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में सूरज भुईयां और अंकुश साव शामिल हैं। जिले के केरेडारी में भी वज्रपात से प्रकाश महतो नामक ग्रामीण की मौत हुई है। इसके अलावा दारू प्रखंड में तेज आंधी में एक विशाल पेड़ एनएच 100 पर गिर गया जिससे वहां आवागमन कुछ देर के लिए ठप हो गया।

उधर, गढ़वा जिले के रंका में गुरुवार दोपहर बाद हुए वज्रपात की चपेट में आने से गृह निर्माण में काम कर रहे बसंत मेहता नामक मजदूर की मौत हो गई। रंका के ही दुधवल में वज्रपात से घर के बाहर खेल रही एक छह साल की बच्ची घायल हो गई। ठनका गिरने की एक अन्य घटना चतरा जिले के टंडवा में हुई जिसकी चपेट में आकर खेत में काम कर रही एक युवती की जान चली गई।

बोकारो के चास में एसआर पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की शाम वज्रपात से 40 वर्षीय अशोक कुमार की मौत हो गई। वहीं जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र के सबनपुर पंचायत के सालगाडीह गांव के गिरीश हेम्ब्रम की भी वज्रपात से मौत हुई है। पूर्वी सिंहभूम के बडशोल के छोटा कुलिया गांव में गुरुवार शाम वज्रपात से  16 वर्षीय पार्वती मुंडा की मौत हो गई। सरायकेला में आंधी-पानी के दौरान विशालकाय आम पेड़ गिरने से दो बच्चों की दबकर मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गुरुवार शाम लगभग साढ़े चार बजे सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर कीता गांव के पास की है। मृतक दीपक गोप (12) व हिम्मत लाल पड़िहारी (10) कीता गांव के रहने वाले थे।

यह भी पढ़े

अनाथ हुए बच्चों के सहयोग के लिए भगवानपुर बीडीओ आगे आए 

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 5G टेस्टिंग से कोरोना संक्रमण प्रसार को बताया अफवाह

बिना आदेश के चलने वाले बस को किया जाएगा जप्त

ममता बनर्जी ने कई सीनियर पुलिस ऑफिसर का किया ट्रांसफर, कूचबिहार के एसपी सस्पेंड.

सुबह 7 बजे से लेकर 11 बजे तक खुले रहेंगे बिजली बिल जमा काउंटर

हुसैनगंज अस्पताल के सेवानिवृत्त प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की कोरोना से मौत

बिजली के हाई टेंसन तार के चपेट में आने से तीन युवक झुलसे, एक की हुई मौत,गांव में पसरा मातम

Leave a Reply

error: Content is protected !!