महेंद्रनाथ मंदिर से लौट रहे दंपती को ट्रक ने मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह सेंगर, रसूलपुर/एकमा, सारण (बिहार):

मौनी अमावस्या के अवसर पर सोमवार को सिवान जिले के मेंहदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर दंपती बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर के समीप छपरा–सिवान एनएच-531 पर सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
हादसे में एकमा थाना क्षेत्र के हंसराजपुर गांव निवासी एवं एक निजी विद्यालय के वाहन चालक 44 वर्षीय पप्पू मांझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मुन्नी देवी (38) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का उपचार एकमा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पप्पू मांझी अपनी पत्नी के साथ सिवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर के पास छपरा–सिवान एनएच-531 पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पप्पू मांझी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक एकमा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दंपती को ट्रक उनसे जा टकराया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रसूलपुर थाना पुलिस थानाध्यक्ष प्रिंस राज के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है तथा मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही पप्पू मांझी का शव उनके पैतृक गांव हंसराजपुर पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने और पति पप्पू मांझी की असामयिक मौत से पूरा परिवार शोक में डूब गया। परिजनों के चीत्कार और विलाप से माहौल गमगीन हो गया। नगर पंचायत एकमा बाजार के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि दीपक कुमार, उपमुख्य पार्षद रानू कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना मांझी, वार्ड पार्षद शैलेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
परिजनों ने बताया कि मृतक पप्पू मांझी अपने पीछे घायल पत्नी और परिवार में चार पुत्रों क्रमशः अंकित मांझी (18), अमित मांझी (16), भोलू मांझी (14) तथा सचिन मांझी (10) को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद बच्चों, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़े
बिहार में बायोमेट्रिक हाजिरी पर मिलेगा शिक्षकों का वेतन
टीएमसी के 20 बागी सांसदों ने त्रिपुरा की NCPI पार्टी में विलय किया,क्यों?
बिहार और पूर्वी यूपी की पिड़िया कला
