जलावन की लकड़ी को लेकर चचेरे भाइयों में खूनी संघर्ष, शिवहर में एक की मौत, छह से अधिक घायल
घरेलू विवाद ने लिया हिंसक मोड़, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला, अस्पताल और गांव में भारी पुलिस बल तैनात….
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

बिहार के शिवहर जिले में जलावन की लकड़ी रखने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नगर परिषद क्षेत्र के फतेहपुर नया टोला में चचेरे भाइयों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार देर रात जलावन की लकड़ी रखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और झड़प हिंसक रूप ले गई। कुछ ही मिनटों में पूरा मोहल्ला रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और महिलाओं व बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में अमरेंद्र सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया। परिजन उन्हें तत्काल शिवहर सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इस हिंसक झड़प में चुनचुन सहनी, रूबी देवी, हरीकिशोर सहनी और शिवनाथ सहनी समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सदर अस्पताल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
शिवहर सदर एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि जलावन रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक मामूली घरेलू विवाद का खूनी संघर्ष में बदल जाना एक बार फिर यह दिखाता है कि छोटे-छोटे पारिवारिक विवाद भी समय रहते नहीं सुलझाए जाएं तो गंभीर आपराधिक घटनाओं का रूप ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें
ट्रेन के इंजन के आगे खड़ी हो गई महिला दरोगा
दरभंगा के आदित्य राज आनंद बने इसरो में वैज्ञानिक
स्कॉर्पियो- ट्रक की टक्कर में दंपती समेत तीन की मौत एक घायल
हैंडबॉल का ट्रायल आरंभ , राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे खिलाड़ी- विजय
सिधवलिया की खबरें : रास्ता बंद करने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट
नेहा म्यूजिक वर्ल्ड पर रिलीज हुआ भोजपुरी गीत जिंदगी जियल छोड़ देहब, दर्शकों का मिल रहा भरपूर प्यार
साथिया फाउंडेशन : तीन माह का सिलाई प्रशिक्षण पूरा, 40 महिलाओं को मिला प्रमाणपत्र
