9.18 लाख की 612 बोतल विदेशी शराब जब्त:सुपौल में बोलेरो सहित तहखाने के साथ 2 गिरफ्तार
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के निपनियां मोड़ स्थित टुनटुन ट्रेडिंग के पास घेराबंदी कर एक बोलेरो पिकअप वैन से 612 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 9.18 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।मद्य निषेध अधीक्षक अशोक कुमार ने मंगलवार की शाम बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मद्य निषेध विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली गई।शुरुआत में वाहन में कुछ भी संदिग्ध नहीं दिखा, लेकिन गहन जांच के दौरान अधिकारियों को पिकअप पर रखा बड़ा जनरेटरनुमा बॉक्स संदिग्ध लगा।
विशेष रूप से बनाया गुप्त तहखाना मिला
जब जनरेटर को खोलकर देखा गया तो उसके भीतर विशेष रूप से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला। इसी तहखाने में विदेशी शराब की पूरी खेप छिपाकर रखी गई थी। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए बेहद शातिर तरीके से शराब छिपाई थी।तलाशी में कुल 51 कार्टन से 750 एमएल की 612 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें ग्रीन लेबल, बैगपाइपर, व्हाइट मिस्चीफ और रॉयल कास्ट ब्रांड की शराब शामिल है। जब्त शराब की कुल मात्रा 459 लीटर पाई गई।
पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें नीरज कुमार, निवासी धनबाद (झारखंड) और छोटू कुमार, निवासी परसाही, जिला मधेपुरा शामिल हैं। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।इस सफल अभियान में त्रिवेणीगंज मद्य निषेध विभाग की अवर निरीक्षक प्रीति कुमारी, एएसआई आनंद कुमार पासवान, एएसआई अंजली कुमारी, सब-इंस्पेक्टर विष्णुदेव कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे।मद्य निषेध अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में तस्करों के बड़े नेटवर्क को झटका लगा है। पुलिस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें
बिहार के सहरसा में सिगरेट पीने के विवाद में अधेड़ की पीट-पीट कर हत्या, मची सनसनी
ग्रीष्मावकाश के बाद बच्चों की किलकारियों से गूंजा विद्यालय, आत्मीय भाव से बच्चों का किया गया स्वागत
