
ग्रीष्मावकाश के बाद बच्चों की किलकारियों से गूंजा विद्यालय, आत्मीय भाव से बच्चों का किया गया स्वागत
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सिवान (बिहार )।
सीवन जिला के दारौंदा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में बुधवार को स्वागत सप्ताह के तहत ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय आने वाले बच्चों का तिलक, चंदन, लगाकर आत्मीय भाव से स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्रवेश द्वार पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मुस्कुराते हुए प्रत्येक बच्चे का स्वागत किया। “हर बच्चे का स्वागत, हर सपने का सम्मान” की भावना के साथ बच्चों का अभिनंदन किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। लंबे अवकाश के बाद अपने साथियों और शिक्षकों से मिलकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय में आयोजित चेतना सत्र के दौरान बच्चों को प्रेरक संवाद, शिक्षाप्रद कहानियां, कविताएं तथा स्थानीय प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के जीवन से परिचित कराया गया। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षा के महत्व और अच्छे संस्कारों पर भी प्रकाश डाला गया।
ग्रीष्मावकाश के दौरान जिन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर प्रोजेक्ट, मॉडल एवं आकर्षक पेंटिंग तैयार की थी, वे उन्हें विद्यालय लेकर पहुंचे। चेतना सत्र में ऐसे सभी बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका विशेष स्वागत किया गया तथा उन्हें प्रोत्साहित किया गया। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों की सृजनात्मक क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करती हैं।
विद्यालय परिसर में बच्चों की वापसी से एक बार फिर शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह से जीवंत हो गई हैं। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विश्वास जताया कि नए सत्र में विद्यार्थी पूरे मनोयोग से अध्ययन करेंगे और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय में पहले ही दिन उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला, जिसने पूरे विद्यालय परिवार को नई प्रेरणा से भर दिया।
