Headlines

बिहार विधानसभा में कौन बनेगा प्रोटेम स्पीकर?

बिहार विधानसभा में कौन बनेगा प्रोटेम स्पीकर?

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

बिहार में नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ प्रोटेम स्पीकर दिलाएंगे। बिहार में विधानसभा के इस अस्थायी पद के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है। हरनौत विधानसभा सीट पर चुने गए जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के विधायक हरिनारायण सिंह काफी अनुभवी हैं। वे दसवीं बार विधानसभा में पहुंचे हैं। अनुभव के मामले में इसके बाद निवर्तमान विधानसभा के सहकारिता मंत्री प्रेम कुमार हैं। बीजेपी के विधायक प्रेम कुमार गया से चुनाव जीते हैं। वे नौंवी बार विधायक बने हैं।

नई सरकार का गठन होने के बाद नए विधायकों को शपथ दिलाई जाती है। यह शपथ प्रोटेम स्पीकर दिलाते हैं। आम तौर पर नवनिर्वाचित विधायकों में से सबसे ज्यादा अनुभवी विधायक को प्रोटेम स्पीकर की जिम्मेदारी दी जाती है। लोकसभा में यह जिम्मेदारी आम तौर पर सबसे अधिक अनुभवी संसद सदस्य को दी जाती है।

कौन करता है प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति?

प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति राज्यपाल करते हैं। प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति के लिए राज्यपाल को अनुच्छेद 180(1) के तहत विशेष अधिकार प्राप्त है। वह चाहे तो इसके लिए वह मंत्रिमंडल से सलाह ले सकता है, या फिर अपने विवेक का प्रयोग करके स्वतंत्र रूप से नियुक्ति कर सकता है।

प्रोटेम स्पीकर विधानसभा में एक अस्थायी संवैधानिक पद होता है। विधानसभा में स्थायी स्पीकर के लिए चुनाव होता है। इससे पहले प्रोटेम स्पीकर के पास विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) का जिम्मा होता है। वह विधायकों को शपथ दिलाता है। शपथ के बाद ही विधायक विधानसभा के सदस्य बनते हैं और स्पीकर के चुनाव में वोट देने की योग्यता हासिल कर लेते हैं।

विधायकों की शपथ के बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होता है। जब विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया जाता है तो प्रोटेम स्पीकर की जिम्मेदारी समाप्त हो जाती है। यानी फिर प्रोटेम स्पीकर का पदधारी सिर्फ विधायक ही रह जाता है।

विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव तक जिम्मेदारी

बिहार में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को राज्यपाल शपथ दिलाएंगे। इसके साथ बिहार की नई सरकार अस्तित्व में आ जाएगी। इसके बाद विधानसभा में विधायकों को शपथ प्रोटेम स्पीकर दिलाएंगे। अंत में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। बिहार की पिछली, यानी 17वीं विधानसभा में बीजेपी के नंदकिशोर यादव स्पीकर थे। इस बार इस पद के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार के नाम की चर्चा चल रही है। प्रोटेम स्पीकर के लिए भी उनके नाम की चर्चा चल रही है।

बिहार का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नई सरकार में मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्रियों के नाम तय हो चुके हैं। यह तीनों नेता वही हैं जो पिछली सरकार में इन्हीं पदों पर थे। जेडीयू के नेता नीतीश कुमार मुख्यमंत्री, बीजेपी के सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा उप मुख्यमंत्री बनेंगे।

 

Leave a Reply

error: Content is protected !!