बगौरा के नंदूटोला स्थित टिकुलिया बाबा स्थान पर 24 घंटे का शुरू हुआ अखण्ड अष्टयाम
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिला के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा के नंदूटोला स्थित टिकुलिया बाबा के स्थान पर 15 मार्च रविवार को 24 घंटे का अखण्ड अष्टयाम श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। अखण्ड अष्टयाम की पूर्णाहुति 16 मार्च सोमवार को विधिवत पूजा-अर्चना और हवन के साथ संपन्न होगी।
अष्टयाम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद हरि-कीर्तन शुरू हुआ, जो पूरे 24 घंटे तक लगातार चलता रहेगा। इस दौरान वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया है। श्रद्धालु भगवान के नाम का संकीर्तन करते हुए पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
इस आयोजन में ब्यास बाबा पप्पू तिवारी जी की मंडली के नेतृत्व में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा है। मंडली के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे भक्ति गीतों और संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। कीर्तन सुनने के लिए श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि टिकुलिया बाबा के स्थान पर समय-समय पर इस तरह के धार्मिक आयोजन होते रहते हैं, जिससे गांव में आध्यात्मिक वातावरण बना रहता है और लोगों में आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है। आयोजन को सफल बनाने में गांव के कई श्रद्धालु और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अखण्ड अष्टयाम की पूर्णाहुति सोमवार को हवन-पूजन और प्रसाद वितरण के साथ की जाएगी। ग्रामीणों ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।