कृष्ण भूषण मर्डर से गुस्से में अफसर
बिहार नगर सेवा संघ ने सम्राट सरकार को हड़ताल की चेतावनी दे दी है
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सरकारी अफसर भड़क गए हैं। बिहार नगर सेवा संघ ने सम्राट सरकार को हड़ताल की चेतावनी दे दी है। संघ ने हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और राज्य भर के सभी ईओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। दरअसल, सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें ईओ कृष्ण भूषण की मौत हो गई। जबकि नगर परिषद के सभापति राज कुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए।
कृ्ष्ण भूषण कुमार मधुबनी के रहने वाले थे। वह बिहार नगर सेवा के अधिकारी थे। भागलपुर जिले के कहलगांव नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में उनकी तैनाती थी। सुल्तानगंज नगर परिषद के ईओ का पद खाली रहने के चलते उन्हें वहां का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
सीएम से मानवाधिकार आयोग तक ज्ञापन
बिहार नगर सेवा संघ ने इस घटना पर रोष जताते हुए मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव, डीजीपी और मानवाधिकार आयोग को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत गृह विभाग के सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्त और सभी जिलाधिकारियों को भी इसकी प्रति भेजी है।
48 घंटे का अल्टीमेटम
संघ ने राज्य सरकार को कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया है। नगर सेवा के अधिकारियों की ओर से चेतावनी दी गई है कि अगर उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो सभी निकायों के अफसर हड़ताल पर चले जाएंगे।
कैसे हुआ मर्डर
सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में यह घटना मंगलवार, 28 अप्रैल की शाम को लगभग 4 बजे हुई। तीन अपराधी हथियार लेकर सभापति राज कुमार गुड्डू के चैंबर में घुस गए। उन्होंने सभापति को टारगेट करते हुए अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। वहां मौजूद ईओ कृष्ण भूषण कुमार निहत्थे ही अपराधियों से भिड़ गए। उन्होंने बंदूकधारी बदमाशों को रोकने की भरसक कोशिश की। इसी गहमागहमी में अपराधियों ने उनके माथे पर गोली मार दी। सभापति को भी सिर में गोली लगी।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मी एवं पार्षद वहां पहुंचे। गोली लगने से घायल ईओ और सभापति को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में ईओ कृष्ण कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं, सभापति गुड्डू कुमार का भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय थे अपराधी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए लॉ एंड ऑर्डर की चुनौती दी है। घटना की जानकारी मिलते ही भागलपुर से एसएसपी प्रमोद यादव, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी सुल्तानगंज पहुंचे। उन्होंने लोगों से जानकारी ली, सीसीटीवी फुटेज खंगाले। शुरुआती जांच में पता चला है कि अपराधी स्थानीय ही थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए 3-4 टीमों का गठन किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मधुबनी के रहने वाले थे ईओ कृष्ण कुमार
कृष्ण कुमार मूलरूप से मधुबनी जिले के रहने वाले थे। वह बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। उनकी पोस्टिंग कहलगांव नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में थी। उन्हें सुल्तानगंज नगर परिषद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
