Headlines

बिहार राजस्व विभाग में फेरबदल

बिहार राजस्व विभाग में फेरबदल

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रधान सचिव सीके अनिल को उनके पद से हटा दिया है. मंगलवार को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सीके अनिल का तबादला कर उन्हें वापस बिहार राज्य योजना पर्षद में भेज दिया गया है. उनकी जगह अब विभाग के सचिव जय सिंह को प्रधान सचिव की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इस वजह से हटाये गए सीके अनिल

1991 बैच के आईएएस अधिकारी सीके अनिल को महज 5 महीने पहले ही इस महत्वपूर्ण विभाग की कमान दी गई थी. उनके कार्यकाल के दौरान विभाग में लगातार हड़ताल का माहौल बना रहा. पहले राजस्व कर्मचारियों ने मोर्चा खोला और उसके बाद 8 मार्च से सीओ और राजस्व पदाधिकारी भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए.

इस लंबी हड़ताल की वजह से राज्यभर के अंचलों में जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज और जनता से जुड़े अन्य जरूरी काम पूरी तरह ठप पड़ गए, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

कोई आधिकारिक वजह नहीं

माना जा रहा है कि हड़ताल खत्म कराने में विफलता और कामकाज प्रभावित होने की वजह से ही सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है. राज्य में फिलहाल जनगणना का काम भी चल रहा है, जिसमें राजस्व अधिकारियों की भूमिका अहम होती है, लेकिन हड़ताल के कारण यह काम भी प्रभावित हो रहा था.

सरकार ने तबादले की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है, लेकिन प्रशासनिक हलकों में इसे सीधे तौर पर सीओ-आरओ की नाराजगी और विभाग की सुस्त रफ्तार से जोड़कर देखा जा रहा है. अब जय सिंह के सामने सबसे बड़ी चुनौती हड़ताली अधिकारियों को काम पर वापस लाना और अटके हुए कामों को निपटाना होगा. यह विभाग खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास है, इसलिए इस बदलाव को काफी अहम माना जा रहा है.

 बिहार में सम्राट चौधरी सरकार ने एक बार फिर शीर्ष स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।

1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सीके अनिल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से हटाकर बिहार राज्य योजना परिषद में परामर्शी नियुक्त किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।उनकी जगह 2007 बैच के आईएएस अधिकारी जय सिंह को तत्काल प्रभाव से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है।

तीन दिनों से लगातार तबादले

जय सिंह पहले से ही इसी विभाग के सचिव के अलावा वित्त विभाग में सचिव (संसाधन) के अतिरिक्त प्रभार में हैं और फिलहाल वे दोनों जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे।

गौरतलब है कि राज्य में पिछले कुछ दिनों से प्रशासनिक स्तर पर लगातार बदलाव हो रहे हैं। रविवार को राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव गोपाल मीणा, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव मो. सोहैल और शैलेंद्र कुमार का तबादला किया गया था।नई व्यवस्था के तहत रॉबर्ट एल चोंग्थू को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया, जबकि गोपाल मीणा को राज्यपाल का सचिव नियुक्त किया गया है।

चंद्रशेखर सिंह बने आईपीआरडी के सचिव

वहीं मो. सोहैल को सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है और शैलेंद्र कुमार को लखीसराय का जिलाधिकारी बनाया गया है।इसके अलावा सोमवार को भी बड़ा बदलाव करते हुए डॉ. चंद्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का सचिव नियुक्त किया गया।

वे इससे पहले पटना के डीएम और कमिश्नर रह चुके हैं। वर्तमान में वे मुख्यमंत्री सचिवालय और आपदा प्रबंधन विभाग में सचिव के साथ-साथ बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!