पूर्वाचंल एक्सप्रेसवे पर सीवान के पांच लोगों की सड़क दुघटना में मौत
ग्यासपुर के चार लोग एक ही परिवार के
श्रीनारद मीडिया, सिसवन, सीवान (बिहार):

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए भीषण हादसे ने सिसवन के ग्यासपुर गांव को गमगीन कर दिया। कंद्रापुर थाना क्षेत्र में 238 किलोमीटर पिलर के समीप तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार खड़े कंटेनर से जा टकराई। हादसे में कार सवार पांचों लोगों की मौत हो गई।मृतकों में चार लोग सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर निवासी प्रेम लाल श्रीवास्तव के सबसे छोटे पुत्र मनीष कुमार श्रीवास्तव, मनीष की पत्नी कंचन देवी और दो मासूम बेटियां आस्था कुमारी व अदिति शामिल हैं।
मनीष हरियाणा के फरीदाबाद स्थित विजय नगर में परिवार के साथ वहीं रहते थे। वे दो भाई और एक बहन में सबसे छोटे थे। पांचवें मृतक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के संठी गांव निवासी 38 वर्षीय करण कुमार सिंह उर्फ मनोज कुमार सिंह के रूप में हुई है। दुर्घटना के वक्त कार मनीष खुद चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार करीब 135 किमी/घंटा की रफ्तार में थी। एक्सप्रेस-वे पर खड़े कंटेनर से पीछे से टकराने के कारण कार के परखच्चे उड़ गए।
सभी लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही सबने दम तोड़ दिया।ग्रामीणों ने बताया कि मनीष दो दिन पहले ही सारण जिले के मसरख थाना क्षेत्र के हंसा पीठ गांव में नाना के श्रद्धा क्रम में शामिल होने आए थे। शनिवार को पूरा परिवार ग्यासपुर से फरीदाबाद विजय नगर के लिए निकला था।आजमगढ़ पुलिस ने रविवार को पांचों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। देर शाम तक सभी शव ग्यासपुर गांव पहुंच गए।
एक साथ अर्थियां उठते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। घर-घर चूल्हे नहीं जले। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा है। हर आंख नम है। ग्रामीणों का कहना है कि मनीष बेहद मिलनसार थे। नाना को अंतिम विदाई देने आए थे, किसे पता था खुद भी नहीं लौटेंगे।सिसवन थाने की पुलिस भी गांव पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मनीष के बड़े भाई जीवन श्रीवास्तव आजमगढ़ से शव लेकर पहुंचे। माहौल बेहद गमगीन है।
यह भी पढ़े
बकरदी पर्व को लेकर शांति समिति सदस्यों के साथ नगर थाना प्रभारी ने किया बैठक
तालाब में डूबने से 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत
गर्भवती महिला को निजी अस्पताल ले जाना पड़ा भारी, सारण में आशा कार्यकर्ता चयन मुक्त
सीवान के गौरव हैं आईएएस डॉ कौशल
देशभर में सामाजिक परिवर्तन की मजबूत ताकत बनकर उभरा सुनहरा भारत फाउंडेशन
