बिहार सरकार की अभिनव पहल “सहयोग शिविर” के तहत सिवान जिले के 38 पंचायतों में आयोजित हुआ सहयोग शिविर
केदार प्रसाद गुप्ता, मंत्री पर्यटन विभाग, बिहार सरकार -सह- प्रभारी मंत्री सिवान जिला ने विभिन्न पंचायतों में शिविरों का किया निरीक्षण
आमजन से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील*
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

बिहार सरकार की अभिनव पहल के अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित तथा समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित किए जाने वाले “सहयोग शिविर” के तहत आज सिवान जिले के सभी प्रखंडों की दो-दो पंचायतों, कुल 38 पंचायतों में शिविरों का सफल आयोजन किया गया।
यह पहल सरकार की “सरकार आपके द्वार” की अवधारणा को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर माननीय पर्यटन मंत्री बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, सिवान जिला श्री केदार प्रसाद गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि जिले के तीन विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में शामिल हुए। उन्होंने क्रमशः लकड़ी नवीगंज में डुमरा, पचरुखी प्रखंड में शंभोपुर एवं बड़हरिया प्रखंड में लकड़ी पंचायत में आयोजित शिविरों में शिरकत किया तथा आमजन से संवाद स्थापित किया।
माननीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु कार्यालयों का चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाने के लिए पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पादन के लिए 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित है, निराकरण निर्धारित अवधि के भीतर किया जाएगा तथा समय-सीमा का अनुपालन नहीं करने वाले पदाधिकारी उत्तरदायी होंगे और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के “सात निश्चय-3” के महत्वपूर्ण अवयव “सबका सम्मान, जीवन आसान” के तहत सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सीधे पंचायत स्तर तक पहुंच रही है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सहयोग शिविर के माध्यम से दर्ज कराकर इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ उठाएं।

माननीय मंत्री ने बताया कि सहयोग शिविर में आवेदन देने के अतिरिक्त नागरिक सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें एवं आवेदन ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा sahyog.bihar.gov.in पोर्टल विकसित किया गया है, जहां से आवेदन की स्थिति की निगरानी भी की जा रही है।
शिविर के दौरान पूर्व में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों के लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। माननीय मंत्री द्वारा कई लाभार्थियों को जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, निःशक्तता प्रमाण-पत्र, शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्वीकृतियों एवं प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया। लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए इसे जनहित में अत्यंत उपयोगी बताया।
सहयोग शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आमजन की शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक श्री पूरन कुमार झा, जिला के वरीय पदाधिकारी गण संबंधित प्रखंडों के पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहें।
यह भी पढ़े
सीवान जिला अंतर्गत “सिवान चौर क्लस्टर विकास परियोजना” भारत सरकार द्वारा चयनित
सीवान में प्रशांत किशोर का आगमन बुधवार को
जीरादेई में जन सुनवाई सहयोग शिविर का हुआ आयोजन
सड़क दुर्घटना में खजुरिया बथान टोला के मां बेटी की मौत, अन्य तीन घायल
नकली नोट का बंडल दिखाकर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
सकला गांव में स्कूल जाने के रास्ते पर जलजमाव और सफाई को लेकर हुए विवाद में एक महिला घायल
यूपी की प्रमुख खबरें : सीएम योगी ने गोरखपुर में जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी
