सिधवलिया में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन
शिक्षा मंत्री बोले- गांव के छात्रों को अब घर के पास मिलेगी उच्च शिक्षा
श्रीनारद मीडिया, सिधवलिया, गोपालगंज (बिहार):

गोपालगंज जिला के बैकुंठपुर के विधायक एवं बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को सिधवलिया स्थित नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का फीता काटकर एवं रिमोट का बटन दबाकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। घर के समीप डिग्री कॉलेज होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी पढ़ाई पूरी करने में सुविधा मिलेगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रखंड स्तर पर बेहतर उच्च शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध कराना है। समय आने पर प्रखंड स्तर पर स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई भी शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी भी छात्र-छात्रा को शिक्षा से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2015 में इस महाविद्यालय की आधारशिला रखी गई थी और अब करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद इसका उद्घाटन किया गया है।
महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में 67 छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है तथा छह सेमेस्टर की पढ़ाई संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी विषय में अब तक किसी छात्र-छात्रा ने नामांकन के लिए आवेदन नहीं किया है।
समारोह में एडीएम मल्लेश्वरी पांडेय, एसडीएम बीणा सिंह, उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार, एसडीपीओ राजेश कुमार, सीओ अभिषेक कुमार, बीडीओ मंजय कुमार, जयप्रकाश विश्वविद्यालय के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें
रघुनाथपुर : सीओ का पदभार ग्रहण किए मुकेश कुमार
305 कांडों के अभियुक्त और 287 वारंटियों, यानी कुल 592 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बेगूसराय: हत्या मामले में चार आरोपित दोषी करार, सजा पर फैसला 21 जुलाई को
मोतिहारी में 20 हजार का इनामी अपराधी पप्पू खान गिरफ्तार
कपिलदेव यादव की स्मृति में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, दर्जनों नेत्ररोगियों का हुआ इलाज
सिधवलिया की खबरें : पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म आरोपी को किया गिरफ्तार
