महम्मदपुर में सहयोग शिविर, डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
श्रीनारद मीडिया, सिधवलिया, गोपालगंज (बिहार):

गोपालगंज जिला के सिधवलिया प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित महम्मदपुर पंचायत भवन सरकार में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी समीर सौरभ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन सरकार को ग्रामीणों के लिए सभी सरकारी सेवाओं का सशक्त केंद्र बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
महिलाओं को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और जनकल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, आय, जाति, निवास, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य सेवाएं पंचायत भवन सरकार से ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय, डिग्री कॉलेज समेत शिक्षा की बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
शिविर के दौरान डीएम ने मनोज सिंह को मात्र पांच मिनट में जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराते हुए कहा कि पंचायत भवन सरकार में अधिकांश सरकारी कार्यों का त्वरित निष्पादन हो रहा है। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड से किसी का नाम कटने पर उसे तत्काल जोड़ा जाएगा तथा पात्र लोगों का नया राशन कार्ड भी बनाया जाएगा।
डीएम ने टीबी उन्मूलन अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अपील की कि टीबी के संभावित मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि समय पर इलाज कर भारत को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को सफल बनाया जा सके।
शिविर में आयोजित मेडिकल कैंप में 160 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर दवा वितरित की गई। वहीं पशु चिकित्सा शिविर में 12 पशुपालकों के पशुओं का उपचार कर आवश्यक दवाएं दी गईं।
मौके पर पंचायत की मुखिया सुशीला देवी, बीडीओ मंजय कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह, कृषि पदाधिकारी, मुखिया प्रतिनिधि विनय प्रसाद कुशवाहा, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनवर आलम, स्वास्थ्य प्रबंधक अमरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सहयोग शिविर में चला शराब उन्मूलन अभियान, नशामुक्त समाज का दिया संदेश
श्रीनारद मीडिया, सिधवलिया, गोपालगंज (बिहार):
गोपालगंज जिला के सिधवलिया प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित महम्मदपुर पंचायत भवन सरकार में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान शराब उन्मूलन अभियान चलाकर लोगों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
लोक कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि शराब की लत से परिवार बर्बाद हो जाते हैं। शराब के कारण कई बार कमाने वाला सदस्य जेल पहुंच जाता है, जिससे पत्नी और बच्चों को आर्थिक व सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
कलाकारों ने लोगों से शराब का सेवन नहीं करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही खुशहाल परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उपस्थित ग्रामीणों ने भी शराब से दूर रहने तथा दूसरों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें
महाराजगंज में अपराध की योजना बना रहे दोअभियुक्त अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार
लग्जरी कार से 127.5 लीटर विदेशी शराब बरामद, शातिर तस्कर गिरफ्तार
