लगातार तीसरी बार विधान परिषद सदस्य मनोनीत होने पर डॉ. संजय प्रकाश मयूख का सारण्य महोत्सव के तत्वावधान में हुआ भव्य अभिनंदन
निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मान
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह सेंगर, एकमा, सारण (बिहार):

सारण्य महोत्सव-2026 की ओर से शुक्रवार को शहर स्थित सकलधारी प्रसाद आईटीआई परिसर में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी एवं सारण्य महोत्सव के संरक्षक डॉ. संजय प्रकाश मयूख के लगातार तीसरी बार बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत होने पर भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। वक्ताओं ने डॉ. मयूख के सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक क्षमता एवं समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत होना उनके कार्यों और जनविश्वास का प्रमाण है। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय प्रकाश मयूख ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त आधार भी है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानें, उनका उत्साहवर्धन करें और आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल के क्षेत्र में बेहतर भविष्य और रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। सही मार्गदर्शन, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास से बच्चे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

सम्मान के लिए सारण्य महोत्सव का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. मयूख ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और जिम्मेदारी लेकर आया है। उन्होंने समाज, शिक्षा और युवाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि सारण सहित पूरे बिहार के विकास के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
सारण्य महोत्सव के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश राज ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में लेखन, चिंतन और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सारण्य महोत्सव द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीपीएस स्कूल के छात्र-छात्राओं को पदक पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का संचालन सारण्य महोत्सव के महासचिव श्याम बिहारी अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार साह ने किया।
इस अवसर पर डॉ. संजय प्रकाश मयूख, चंद्र प्रकाश राज, श्याम बिहारी अग्रवाल, डॉ. हरेंद्र सिंह, राम दयाल शर्मा, इंजीनियर ललित कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार साह, पत्रकार राकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसकी जानकारी सारण्य महोत्सव की ओर से के. के. सिंह सेंगर ने दी है।
यह भी पढ़ें
मेंटेनेंस कार्य को लेकर आज एकमा पावर ग्रिड से दो घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
भगवानपुर बाजार में सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र का निदेशक ने किया उद्घाटन
सीओ ने गौरमजरूआ आम भूमि पर से हटाया अतिक्रमण
NEET मामले पर आखिर विपक्ष चर्चा क्यों नहीं कर रहा?
कट्टा और कारतूस के साथ 2 बदमाश अरेस्ट:वैशाली पुलिस ने सराय थाना क्षेत्र से की कार्रवाई, मामला दर्ज
जमुई में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा:पाकिस्तान नंबरों से आते थे QR कोड
गया जी: सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले लॉज में चल रहा था सॉल्वर गैंग का सिंडिकेट
