अंचलाधिकारी व थानाध्यक्ष की संयुक्त अध्यक्षता में लगा जनता दरबार, कई मामलों का हुआ निष्पादन
श्रीनारद मीडिया,दारौंदा, सीवान (बिहार)।
सीवन जिला के दारौंदा प्रखंड के अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की संयुक्त अध्यक्षता अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण एवं थानाध्यक्ष विकास सिंह ने की।
जनता दरबार में भूमि विवाद, सीमांकन, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण सहित विभिन्न प्रकार के कुल 15 मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित पक्षों की बातें गंभीरता से सुनीं तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद 11 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया। वहीं शेष चार मामलों में आवश्यक जांच एवं विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष समाधान करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वहीं थानाध्यक्ष विकास सिंह ने लोगों से भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में आपसी सौहार्द बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में लोग स्वयं कानून हाथ में न लें, बल्कि तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। प्रशासन ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का तत्काल समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की। इस दौरान अंचल एवं थाना कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
