साक्षी ने NEET UG 2026 में शानदार रैंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सिवान ( बिहार )।
सिवान जिले के दारौंदा प्रखंड क्षेत्र के रामसापुर गांव की बेटी साक्षी कुमारी ने NEET UG 2026 की परीक्षा में शानदार रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। साक्षी, रामसापुर निवासी विजय सिंह की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता से गांव सहित पूरे दारौंदा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। साक्षी ने 720 अंकों में से 599 अंक प्राप्त किए हैं। उन्हें ऑल इंडिया जनरल रैंक 10,186 तथा ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 1,115वीं रैंक हासिल हुई है।
साक्षी की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि साक्षी ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
साक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उनका लक्ष्य एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है।
साक्षी की इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा शिक्षाविदों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। साक्षी की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
