अंचल क्लर्क 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
निगरानी टीम ने धनरूआ अंचल कार्यालय में की कार्रवाई
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

पटना के धनरूआ अंचल कार्यालय में सोमवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने अंचल क्लर्क शैलेश कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया,निगरानी विभाग को एक परिवादी से शिकायत मिली थी। परिवादी ने आरोप लगाया था कि भूमि संबंधी कार्य के लिए अंचल क्लर्क शैलेश कुमार द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी टीम ने एक जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, जैसे ही परिवादी ने क्लर्क को रिश्वत की राशि दी, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया,गिरफ्तारी के तुरंत बाद, निगरानी टीम आरोपी शैलेश कुमार को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना से अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना विभाग को दें ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके।
धनरूआ में हुई इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी निगरानी विभाग की सराहना करते हुए कहा कि इससे सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ेगी और रिश्वतखोरी पर लगाम लगेगी।
यह भी पढ़ें
हनुमन प्राणप्रतिष्ठा के लिए हजारों भक्तों ने त्रिवेणी संगम से की जलभरी
दारौंदा में बंद पड़े दो घरों में चोरी, पुलिस जांच में जुटी
