आज से शुरू होगी प्रारंभिक विद्यालयों में प्रथम त्रैमासिक परीक्षा, कक्षा 1-2 के बच्चों का होगा मौखिक मूल्यांकन
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सिवान (बिहार )।
सिवान। राज्य के प्रारंभिक सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक परीक्षा सह मूल्यांकन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा जारी दिशा-निर्देश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की परीक्षा 7 जुलाई से 13 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक होगी।
एससीईआरटी के निर्देशानुसार कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों की कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। इन बच्चों का मूल्यांकन पूरी तरह मौखिक परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसे संबंधित वर्ग शिक्षक विद्यालय स्तर पर ही संपन्न कराएंगे। वहीं कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के लिए विषयवार प्रश्नपत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। 7 जुलाई को अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। 8 जुलाई को कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों की विज्ञान तथा संस्कृत विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 9 जुलाई को कक्षा 3 से 5 के लिए गणित तथा कक्षा 6 से 8 के लिए गणित की परीक्षा होगी। 10 जुलाई को मकतब एवं मदरसा विद्यालयों को छोड़कर अन्य सभी विद्यालयों में प्रथम त्रैमासिक तक संचालित सह-शैक्षिक गतिविधियों का समेकन एवं ग्रेड निर्धारण किया जाएगा।
11 जुलाई को कक्षा 3 से 8 के विद्यार्थियों की पर्यावरण अध्ययन एवं सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी, जबकि कक्षा 1 एवं 2 के बच्चों की गणित विषय की मौखिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। 12 जुलाई को केवल मकतब एवं मदरसा विद्यालयों में सह-शैक्षिक गतिविधियों का समेकन एवं ग्रेड निर्धारण किया जाएगा। अंतिम दिन 13 जुलाई को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की भाषा (हिंदी/उर्दू/बांग्ला) तथा अहिंदी भाषी विद्यार्थियों के लिए हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित होगी।
शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालय प्रधानों को निर्धारित कार्यक्रम एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है, ताकि परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
