जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया को जिला पदाधिकारी सिवान ने स्वयं पूरा किया
*17 अप्रैल से 1 मई तक स्व-गणना, हर नागरिक की भागीदारी जरूरी: डीएम*
*बिना दस्तावेज के करें स्व – गणना: डीएम ने दूर की सभी शंकाएं*
*जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सिवान जिले में स्व-गणना प्रक्रिया को उत्साह एवं उल्लास के साथ इसे एक त्योहार की तरह मनाएं तथा इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें*
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय के कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने स्वयं स्व घोषणा पत्र को ऑनलाइन भरकर इस अभियान की शुरुआत की।
इस संबंध में लगातार जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों तथा सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक की जा रही है।
स्व घोषणा पत्र को भरने के पश्चात उपस्थित मीडिया कर्मी गण को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में स्व-घोषणा की प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक निर्धारित की गई है।
इस अवधि के दौरान नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मौके पर उन्होंने जानकारी दी कि नागरिक *https://se.census.gov.in* पोर्टल पर जाकर लॉग-इन कर सकते हैं तथा परिवार पंजीकरण, भाषा चयन, OTP सत्यापन एवं स्थान संबंधी विवरण भरने के उपरांत प्रश्नावली को पूर्ण कर अंतिम सबमिशन कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि अंतिम सबमिशन के बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर आदि का संशोधन संभव नहीं होगा, अतः सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरना आवश्यक है।
मौके पर उन्होंने आगे कहा कि स्व-गणना के उपरांत प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या *(SE ID* ) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।
क्षेत्रीय सत्यापन के दौरान जब गणनाकार / प्रगणक (Enumerator) घर-घर आएंगे, तब नागरिकों को यह *SE ID* प्रस्तुत करनी होगी।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार के दस्तावेज (जैसे आधार, पासपोर्ट, रेंट एग्रीमेंट आदि) दिखाने की आवश्यकता नहीं है तथा नागरिकों की सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी।
जिला पदाधिकारी के द्वारा यह भी बताया गया कि प्रवासी मजदूर एवं बाहर रह रहे व्यक्ति अपने वर्तमान निवास स्थान से ही स्व-गणना कर सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सिवान जिले में स्व-गणना प्रक्रिया को उत्साह एवं उल्लास के साथ इसे एक त्योहार की तरह मनाएं तथा इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें। समय सीमा के भीतर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर एडीएम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग ,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी,वरीय उप समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित रहें।
