शराब की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क
सीवान, बिहार: जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में शराब की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान पथराव और मारपीट में एक होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को क्षेत्र में अवैध शराब से संबंधित सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर टीम बड़गांव गांव में जांच और कार्रवाई के लिए पहुंची थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने टीम का विरोध करते हुए पथराव और मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले में घायल होमगार्ड जवान को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मैरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
