16 जुलाई को बगौरा में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, तैयारियां अंतिम चरण में
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा गांव स्थित केनरा बैंक परिसर से 16 जुलाई गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। रथ यात्रा को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजन समिति ने बताया कि बगौरा गांव में वर्ष 1994 से लगातार भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह परंपरा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है।
हिंदू धर्म में रथ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस दिन भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकलते हैं। श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव से रथ का दर्शन-पूजन करते हैं और रथ को खींचकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार रथारूढ़ भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने, उनकी पूजा-अर्चना करने तथा रथ खींचने में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं पर भगवान की विशेष कृपा बनी रहती है और उनके जीवन की विपत्तियां दूर होती हैं। इस अवसर पर भजन-कीर्तन, जयघोष और धार्मिक वातावरण के बीच रथ यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाने तथा रथ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
