Headlines

गोपालगंज में एक शिक्षिका नर्गिस नाज़ को सोशल मीडिया पर राजनीतिक टिप्पणी करना महंगा पड़ गया,कैसे?

गोपालगंज में एक शिक्षिका नर्गिस नाज़ को सोशल मीडिया पर राजनीतिक टिप्पणी करना महंगा पड़ गया,कैसे?

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक टिप्पणी करना जिले की एक विशिष्ट शिक्षिका को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना साहेब आलम ने संबंधित शिक्षिका से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।यह कार्रवाई बिहार सरकारी सेवक आचार (संशोधन) नियमावली-2026 के उल्लंघन के आरोप में की गई है।

जारी पत्र के अनुसार, कुचायकोट प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय रामपुर खरेया कन्या में पदस्थापित विशिष्ट शिक्षिका नर्गिस नाज द्वारा सोशल मीडिया पर राजनीतिक टिप्पणी किए जाने का मामला विभाग के संज्ञान में आया है। विभाग ने इसे सरकारी सेवक के आचरण के प्रतिकूल मानते हुए गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा है।

पत्र में कहा गया है कि बिहार सरकारी सेवक आचार (संशोधन) नियमावली-2026 के तहत सरकारी कर्मियों को सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक टिप्पणी, प्रचार अथवा राजनीतिक फोटो साझा करने पर पूर्ण प्रतिबंध है।

इसके बावजूद संबंधित शिक्षिका द्वारा की गई टिप्पणी को विभागीय आदेश की अवहेलना माना गया है। विभाग की ओर से जारी स्पष्टीकरण पत्र में कहा गया है कि शिक्षिका का यह कृत्य स्वेच्छाचारिता तथा अनुशासनहीनता को दर्शाता है।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि पत्र निर्गत होने की तिथि से तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्ट जवाब समर्पित करें कि क्यों नहीं उनके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की जाए।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने पर विभाग द्वारा एकतरफा कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!