Headlines

पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ शुरू कर दिया है

पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ शुरू कर दिया है

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब खतरनाक मोड़ पर आ गया है. दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे पर बमबारी कर रही हैं. इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बड़ा दावा किया है. उन्होंने ‘फ्रांस 24’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत और अफगानिस्तान मिलकर पाकिस्तान के खिलाफ ‘प्रॉक्सी वॉर’ (पीछे से युद्ध) कर रहे हैं. आसिफ का कहना है कि दिल्ली और काबुल एक ही टीम में हैं और काबुल में बैठे आतंकी संगठन पाकिस्तान को निशाना बना रहे हैं.

बिना सबूत के गंभीर आरोप

जब पत्रकार ने ख्वाजा आसिफ से पूछा कि क्या उनके पास इस बात का कोई पक्का सबूत है कि भारत, काबुल को पाकिस्तान पर हमले के लिए उकसा रहा है? तो उन्होंने सीधे तौर पर बिल्कुल कहा. हालांकि, उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं था. उन्होंने बस इतना कहा कि चूंकि पाकिस्तान इसका नुकसान झेल रहा है, इसलिए यह एक गंभीर मामला है. उन्होंने यह भी माना कि फिलहाल तालिबान सरकार से उनका कोई सीधा संपर्क नहीं है और वे दूसरे देशों के जरिए बातचीत की कोशिश कर रहे हैं, जो अब तक फेल रही है.

55 पाकिस्तानी सैनिक ढेर

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि 26 फरवरी (9 रमजान) की रात 8:00 बजे उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा जवाबी ऑपरेशन शुरू किया. उनके मुताबिक:

  • इस कार्रवाई में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं.
  • अफगान सेना ने पाकिस्तान की 2 मिलिट्री बेस और 19 चौकियां छीन ली हैं.
  • भारी मात्रा में हथियार और गोला-बार्द भी कब्जे में लिया गया है.
  • इस लड़ाई में अफगानिस्तान के 8 लड़ाके मारे गए और 11 घायल हुए हैं.

पाकिस्तान का पलटवार- ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’

पाकिस्तान ने भी चुप बैठने के बजाय ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ शुरू कर दिया है. एआरवाई (ARY) न्यूज और जियो न्यूज के मुताबिक:

  • पाकिस्तान की कार्रवाई में 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए हैं.
  • 200 से ज्यादा लड़ाके घायल हुए हैं और तालिबान की 27 चौकियां तबाह कर दी गई हैं.
  • पाकिस्तानी सेना ने चित्तौड़, खैबर और बाजौर जैसे इलाकों में हवाई हमले भी किए हैं.

हामिद करजई ने पाकिस्तान को घेरा

अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने सोशल मीडिया (एक्स) पर पाकिस्तान की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया जैसे शहरों पर बमबारी की है. करजई ने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान अपनी अंदरूनी हिंसा और बम धमाकों के लिए खुद जिम्मेदार है और उसे अपनी गलत नीतियां छोड़कर अच्छे पड़ोसी की तरह रहना सीखना चाहिए.

विवाद की असली जड़ 

इन दोनों देशों के बीच झगड़े की सबसे बड़ी वजह 2,611 किलोमीटर लंबी डूरंड लाइन है. पाकिस्तान इसे इंटरनेशनल बॉर्डर मानता है, लेकिन अफगानिस्तान ने इसे कभी मान्यता नहीं दी. पिछले साल अक्टूबर में भी यहां भीषण झड़प हुई थी जिसमें कई सैनिक और आम नागरिक मारे गए थे. फिलहाल हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं.

Leave a Reply

error: Content is protected !!